लंदन, 20 मई (आईएएनएस)। सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त नॉर्दर्न आयरलैंड के स्टार गोल्फ खिलाड़ी रोरी मैक्लेरॉय को यूरोपियन गोल्फ टूर-2014 के लिए वर्ष का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और प्लेयर्स प्लेयर ऑफ द ईयर चुना गया।
समाचार पत्र डेली मेल के ऑनलाइन संस्करण पर प्रसारित रपट के मुताबिक मैक्लेरॉय ने पिछले 12 महीने में सात खिताबी जीत हासिल किए हैं, जिसमें ओपन और अमेरिकी पीजीए टूर पर खिताबी जीत के अलावा दो विश्व गोल्फ चैम्पियनशिप शामिल हैं।
मैक्लेरॉय ने मंगलवार की रात कहा, “पिछले 12 महीने अद्वितीय रहे हैं। मैंने कठिन मेहनत की और मुझे उसका भरपूर लाभ भी मिला। इस दौरान मैंने सात खिताब जीते और मैं आगे भी इसे जारी रखने की कोशिश करूंगा।”
इसी सप्ताह मैक्लेरॉय इंग्लैंड के वेंटरवर्थ में होने वाले बीएमडब्ल्यू पीजीए चैम्पियनशिप में अपने खिताब का बचाव करने उतरेंगे और वर्ष के समाप्त होते-होते उन्हें और भी खिताब जीतने की उम्मीद है।
मैक्लेरॉय ने कहा, “मैं सिर्फ अधिक से अधिक जीत हासिल करने की कोशिश कर रहा हूं। अभी तीन मेजर टूर्नामेंट होने हैं और मुझे लगता है कि उनमें से दो मेरे काफी अनुकूल हैं।”
dharmpath.com dharmpath