गोल्फ : मॉरिशस ओपन में अपने प्रदर्शन से संतुष्ट हैं गंगजी

डोमेन डी बेल ओम्ब्रे (मॉरिशस), 11 मई (आईएएनएस)। भारतीय गोल्फ खिलाड़ी राहिल गंगजी ने मॉरिशस ओपन में अपने प्रदर्शन को संतुष्टिजनक बताया है। गंगजी रविवार को समाप्त हुए 11 लाख डॉलर इनामी राशि वाले टूर्नामेंट में संयुक्त रूप से 11वां स्थान हासिल करने में कामयाब रहे।

इस साल का गंगजी का यह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

इससे पहले चार एशियन टूर में कट हासिल करने में नाकाम रहे गंगजी ने टूर्नामेंट में कुल सात-अंडर 277 का स्कोर किया।

आखिरी दौर में गंगजी ने 66 का स्कोर किया। इसके साथ ही गंगजी एशियन टूर ऑर्डर ऑफ मेरिट में शीर्ष-50 में भी शामिल हो गए।

गंगजी ने सोमवार को जारी विज्ञप्ति में कहा, “इस हफ्ते मेरा प्रदर्शन बहुत अच्छा रहा। इस साल के एशियन टूर में यह मेरा पहला कट है। मैं यहां से साकारात्मक सोच के साथ जा रहा हूं।”

गौरतलब है कि गंगजी के लिए मॉरिशस का अपना अलग महत्व है। दरअसल, उनकी मां नाजिराह मॉरिशस की रहने वाली हैं।

एशियन टूर का अगला टूर्नामेंट दो हफ्ते बाद बांग्लादेश की राजधानी ढाका में आयोजित होना है। यह पहली बार होगा जब एशियन टूर बांग्लादेश में आयोजित होगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493