गोल्फ : लाहिड़ी हारे, अमेरिका लगातार छठी बार जीता प्रेसिडेंट्स कप

इंचियोन (दक्षिण कोरिया), 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रत्येक दो वर्ष पर होने वाले प्रतिष्ठित गोल्फ टूर्नामेंट प्रेसिडेंट्स कप में अंतर्राष्ट्रीय टीम की ओर से हिस्सा लेने वाले शीर्ष भारतीय खिलाड़ी अनिर्बान लाहिड़ी टूर्नामेंट के चौथे दिन भी प्रभावित करने में नाकाम रहे और क्रिस किर्क के खिलाफ एकल मुकाबला हार गए।

रविवार को हुए चौथे और अंतिम राउंड के बाद अमेरिकी टीम ने अपना दबदबा कायम रखते हुए अंतर्राष्ट्रीय टीम को एक अंक के अंतर से हराकर अपना खिताब बरकरार रखा।

एशियन टूर ऑर्डर ऑफ मेरिट में शीर्ष पर मौजूद लाहिड़ी फाइनल राउंड में 18वें होल पर तीन फुट की दूरी से बर्डी लगाने से चूक गए और गेंद बिल्कुल होल के मुहाने पर जाकर अटक गई। इसके कारण लाहिड़ी की अंतर्राष्ट्रीय टीम को आधा अंक ही मिला और अमेरिकी टीम 15.5 अंकों के साथ अंतर्राष्ट्रीय टीम (14.5 अंक) को हराने में कामयाब रही।

पहली बार एशियाई धरती पर हुए प्रेसिडेंट्स कप में फाइनल राउंड में बिल हास ने दो अप के साथ जीत हासिल करते हुए अमेरिकी टीम को एक अंक से जीत दिलाई।

अमेरिका का यह नौवां प्रेसिडेंट्स कप खिताब है और लगातार छठा खिताब भी है।

लाहिड़ी ने कहा, “मुझे लगता है कि विजेता का भाग्य पहले से तय होता है इस बार मेरे भाग्य में जीत नहीं थी।”

लाहिड़ी ने कहा, “18वें होल पर जो हुआ वह दुर्भाग्यपूर्ण था। मैं लाइन को लेकर पूरी तरह निश्चिंत था और मैंने एक अच्छा शॉट खेला। लेकिन जैसा कि मैं पूरे सप्ताह करता आ रहा था, मैं यहां भी पुट को ठीक से समझ नहीं पाया।”

उन्होंने आगे कहा, “मुझे यह बिल्कुल ठीक नजर आ रहा था। इसीलिए मैंने शॉट खेला। गेंद बाईं से दाईं ओर चली गई और होल के लिप का बड़े हिस्से पर अटक गई।”

39वीं विश्व वरीयता प्राप्त लाहिड़ी 11वें होल तक दो शॉट से पीछे चल रहे थे, लेकिन 12वें और 14वें होल पर बर्डी लगाते हुए उन्होंने स्कोर बराबर कर लिया। मैच पार-5 वाले 18वें होल तक खिंच गया, जहां लाहिड़ी बढ़त लेते से प्रतीत हो रहे थे, लेकिन किर्क ने 15 फुट की दूरी से बर्डी लगा जीत हासिल की।

फाइनल राउंड का मैच काफी उतार-चढ़ाव वाला और रोमांचपूर्ण रहा। अंतर्राष्ट्रीय टीम के लिए मार्क लीशमैन ने सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त जॉर्डन स्पीथ को एक अप से हरा दिया, जबकि एडम स्कॉट ने रिकी फॉलर को छह और पांच से मात दे दी।

हीडेकी मास्तुयामा ने भी अमेरिका के जे. बी. होल्म्स को एक शॉट के अंतर से हरा दिया।

ब्रैंडेन ग्रेस अंतर्राष्ट्रीय टीम के हीरो रहे। उन्होंने मैट कचर को दो और एक से हराया।

लेकिन अमेरिका के लिए डस्टिन जॉनसन, फिल मिकिलसन, क्रिस किर्क और जैक जॉनसन ने मैच जीते और बुब्बा वाटसन तथा पैट्रिक रीड की जोड़ी ने आधे अंक की बढ़त दिलाई, जो अमेरिकी टीम के लिए निर्णायक साबित हुई।

अंतर्राष्ट्रीय टीम के कप्तान जिम्बाब्वे के निक प्राइस ने 12 सदस्यीय अपनी टीम की सराहना की, खासकर बेई की।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493