लिस्बन, 16 दिसम्बर (आईएएनएस)। पुर्तगाल के दिग्गज फुटबाल खिलाड़ी लुइस फिगो ने इस वर्ष के सर्वश्रेष्ठ फुटबाल खिलाड़ी को मिलने वाला अवार्ड ‘बैलन डी ऑर’ स्पेनिश क्लब बार्सिलोना के किसी खिलाड़ी को मिलने की उम्मीद जताई है, हालांकि उन्होंने यह भी कहा है कि यदि गोलों की संख्या को ध्यान में रखा गया तो पुर्तगाल के स्टार स्ट्राइकर क्रिस्टियानो रोनाल्डो यह अवार्ड जीत सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि 2008, 2013 और 2014 में तीन बार यह अवार्ड जीत चुके रोनाल्डो इस वर्ष अपने चिर प्रतिद्वंद्वी अर्जेटीनी स्ट्राइकर लियोनेल मेसी और ब्राजीलियाई स्टार नेमार के साथ अवार्ड की अंतिम दौड़ में शामिल हैं।
रोनाल्डो जहां स्पेनिश क्लब रियल मेड्रिड के लिए खेलते हैं, वहीं मेसी और नेमार उनके प्रतिद्वंद्वी स्पेनिश क्लब बार्सिलोना से जुड़े हुए हैं।
समाचार एजेंसी एफे के अनुसार, 2000 में बैलन डी ऑर अवार्ड विजेता रहे फीगो ने कहा, “इस बार अवार्ड की दौड़ में तीन महान खिलाड़ी, मेसी, रोनाल्डो और नेमार शामिल हैं। अगर विजेता को ट्रॉफी जीतने के लिहाज से चुना गया तो अवार्ड बार्सिलोना के किसी खिलाड़ी को दिया जाएगा।”
फिगो ने कहा, “लेकिन यदि व्यक्तिगत तौर पर किए गए गोलों की संख्या को देखा गया तो रोनाल्डो चौथी बार यह अवार्ड जीत सकते हैं।”
अवार्ड विजेता की घोषणा 11 जनवरी को ज्यूरिख में की जाएगी। मौजूदा सत्र में रोनाल्डो 21 गोल कर चुके हैं और बीते सत्र में उनके नाम 66 गोल रहे, जिसमें अपने देश के लिए किए गए गोल भी शामिल हैं।
वहीं मेसी मौजूदा सत्र में अब तक 14 और बीते सत्र में 62 गोल किए, जबकि नेमार के नाम इस सीजन में 18 और बीते सत्र में 48 गोल हैं।
dharmpath.com dharmpath