पंजिम, 22 मार्च (आईएएनएस)। गोवा पर्यटन ने होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया प्रा. लिमिटेड के सहयोग से होंडा नवी गोवा हंट 2017 के पहले संस्करण की घोषणा की। होंडा नवी गोवा हंट एक रोमांचक और साहसिक गतिविधि है, जिसके तहत युवाओं को अपनी पसंदीदा होंडा नवी पर गोवा घूमने और इसके अनछुए पहलुओं के बारे में जानने का मौका मिलेगा।
यहां जारी बयान के अनुसार, होंडा नवी गोवा हंट दो दिवसीय गतिविधि है, जो बुधवार से शुरू होगा। इसके तहत युवाओं को होंडा नवी की रोचक सवारी करते हुए हर इलाके के नए पहलुओं के बारे में जानने का मौका मिलेगा, अंत में युवा अपनी इस साहसिक यात्रा के गंतव्य तक पहुंचेंगे। कार्यक्रम का समापन एक पुरस्कार समारोह के साथ होगा जिसमें 24 मार्च, 2017 को विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
गोवा सरकार में पर्यटन मंत्री मनोहर अजगांवकर ने कहा, “जीटीडीसी होंडा नवी गोवा हंट 2017 जैसे कार्यक्रम गोवा में पर्यटन को प्रोत्साहित करेंगे। आज गोवा बाइकरों के लिए एक स्वर्ग है और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सही मंच पेश करता है। मुझे खुशी है कि गोवा पर्यटन विकास निगम होंडा जैसे बड़े ब्रांड के साथ इस कार्यक्रम का आयोजन कर रहा है। मुझे पूरा विश्वास है कि यह दो दिवसीय कार्यक्रम बेहद कामयाब होगा।”
होंडा मोटरसाइकल एंड स्कूटर इंडिया प्रा. लिमिटेड में सेल्स एंड मार्केटिंग के सीनियर वाईस प्रेजीडेन्ट यादविंदर सिंह गुलेरिया ने कहा, “वर्तमान में नवी अपने अनूठे डिजाइन एवं कस्टमाइज़ेशन के असीमित विकल्पों के साथ गोवा के युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय हो रही है और युवाओं को रोमांच एवं मस्ती को बेहतरीन अनुभव प्रदान करती है। ऐसे में नवी पर गोवा की यात्रा का यह अनुभव सभी टीमों के लिए बेहद खास होगा।”
dharmpath.com dharmpath