पणजी, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) शुरू होने से ठीक पहले टी-20 मैचों में सट्टेबाजी करने के आरोप में पूर्व में गिरफ्तार हो चुके एक सट्टेबाज को यहां संदेहास्पद स्थिति में मृत पाया गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
मृतक की पहचान लखपतराज जैन के रूप में हुई है और वह गुजरात के अहमदाबाद का रहने वाला था।
पुलिस के अनुसार गुरुवार को जैन की लाश पणजी के एल्टिनो क्षेत्र में झाड़ियों के बीच पाई गई। इस क्षेत्र में मुख्यमंत्री निवास सहित कई महत्वपूर्ण लोगों के घर हैं।
पुलिस के अनुसार मृतक के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं हैं।
जैन को 2013 में चैम्पियंस लीग टी-20 टूर्नामेंट में राजस्थान रॉयल्स और पर्थ स्कॉचर्स के बीच चल रहे मैच के दौरान कुछ सट्टेबाजों के साथ गोवा के एक रिसॉर्ट से गिरफ्तार किया गया था।
उस छापेमारी में एक लैपटॉप, डायरी, टेलीफोन और 40,000 रुपये नकद पुलिस द्वारा प्राप्त किए गए थे।
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम शुक्रवार को किया जाएगा। पुलिस ने हालांकि हत्या के संदेह से इंकार किया है।
dharmpath.com dharmpath