नई दिल्ली, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। ग्रीन टैलेन्ट्स प्रतियोगिता 2017 के लिए प्रतिभागियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। प्रतियोगिता का विषय ‘सस्टेनेबल प्रोडक्शन एण्ड कन्जप्शन’ रखा गया है।
पुरस्कार के मंत्री और संरक्षक जोहान्ना वांका ने एक बयान में कहा, “जर्मन संघीय शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्रालय ने साल 2009 में ‘ग्रीन टैलेन्ट्स-इंटरनेशनल फोरम हाई पोटेन्शियल्स इन सस्टेनेबल डेवलपमेन्ट’ की शुरुआत की थी, जिसके तहत हर साल 25 युवा अनुसंधानकर्ताओं को सम्मानित किया जाता है। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विज्ञान एवं उद्योग जगत के विशेषज्ञों का व्यापक एवं बहु-आयामी नेटवर्क बनाना है, जो हमारे भविष्य को नया आकार दे सकें, विश्वस्तरीय चुनौतियों को अवसरों में बदल सकें तथा इस दुनिया को सभी के लिए रहने योग्य आदर्श स्थल बना सकें।”
उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार अब तक 51 देशों के 182 युवा अनुसंधानकर्ताओं और वैज्ञानिकों को दिया जा चुका है, जिन्होंने अपने समुदाय, देश एवं समाज को अधिक स्थायी बनाने में उत्कृष्ट योगदान दिया है। पुरस्कार विजेताओं का चयन जर्मन विशेषज्ञों की एक प्रख्यात जूरी के द्वारा किया जाता है।
dharmpath.com dharmpath