ग्रीस को रविवार से पहले राहत समझौते की उम्मीद

एथेंस, 9 जुलाई (आईएएनएस)। ग्रीस सरकार के प्रवक्ता गैब्रिएल सकेलारिडिस ने गुरुवार को विश्वास जताया कि रविवार के सम्मेलन से पहले कर्जदाताओं के साथ समझौता हो जाएगा।

समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, सकेलारिडिस ने एंट1 टीवी से कहा, “हमारा विश्वास है कि यूरो समूह में हमें सकारात्मक संकेत मिलेंगे और हम समझौते की तरफ बढ़ेंगे।” उन्होंने कहा कि यदि सब उम्मीद के मुताबिक रहा तो रविवार को यूरोपीय संघ के शिखर सम्मेलन की जरूरत नहीं होगी।

ग्रीस सरकार ने अब तक अपने प्रस्ताव को अंतिम रूप नहीं दिया है। यूरोपीय साझेदारों को प्रस्ताव भेजने से पहले इसकी एक प्रति ग्रीस के राजनीतिक नेताओं को भेजे जाने की उम्मीद है।

प्रधानमंत्री एलेक्सिस सिप्रास का गुरुवार को उप प्रधानमंत्री यानिस ड्रागासाकिस, वित्त मंत्री येक्लिड साकालोटोस, अर्थव्यवस्था मंत्री जियोर्गोस स्टाथाकिस और विदेश मंत्री निकोस कोत्जियास से मुलाकात करने का कार्यक्रम था।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुतााबिक, ग्रीस के उप वित्तमंत्री दिमित्रिस मर्दास ने गुरुवार को कहा कि इस सप्ताह के आखिर तक कर्जदाताओं के साथ समझौता हो जाएगा।

मर्दास ने संवाददाताओं से कहा, “मुझे विश्वास है कि एक खराब समझौता भी समझौता नहीं करने की अपेक्षा बेहतर परिणाम देगा।”

वित्त मंत्रालय ने बैंक अवकाश को फिर एक बार 13 जुलाई तक के लिए बढ़ा दिया है। यह अवकाश 29 जून से जारी है। बैंकों को सात जुलाई को खोल दिया जाना था, लेकिन अवकाश को बुधवार तक के लिए बढ़ा दिया गया था, जिसे अब सोमवार तक के लिए विस्तारित कर दिया गया है।

रविवार को यूरोजोन और यूरोपीय संघ की ब्रसेल्स में एक महत्वपूर्ण शिखर बैठक होने वाली है, जिसमें यह तय किया जाएगा कि ग्रीस के साथ समझौता होगा और वह यूरोजोन में रहेगा या यूरोजोन से बाहर निकल जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493