‘ग्रीस गुरुवार तक नया प्रस्ताव पेश करे’

पेरिस, 8 जुलाई (आईएएनएस)। यूरोजोन ने ग्रीस को गुरुवार तक कर्ज समझौते के लिए नया प्रस्ताव रखने का समय दिया है। यह जानकारी बुधवार को एक मीडिया रपट से मिली। ग्रीस मंगलवार को नया प्रस्ताव पेश करने में असफल रहा था।

रविवार को यूरोपीय संघ (ईयू) के सभी 28 सदस्यों की एक बैठक होने वाली है। इससे एक दिन पहले ग्रीस के प्रस्ताव पर यूरोजोन के वित्त मंत्री विचार कर सकते हैं।

बीबीसी के मुताबिक, बुधवार को फ्रांस के स्ट्रॉसबर्ग स्थित यूरोपीय संसद में ग्रीस का मुद्दा भी उठा। यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष डोनाल्ड टस्क ने संसद सदस्यों से कहा कि समझौते पर पहुंचने के लिए बस चार दिन रह गए हैं।

संसद में ग्रीस के प्रधानमंत्री एलेक्सिस सिप्रास ने कहा कि ग्रीस की जनता ने अपनी राय दी है और हमें उनकी राय सुननी होगी।

सिप्रास ने कहा कि साझेदारों के साथ समझौता करने के लिए ग्रीस एक विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर रहा है।

ब्रसेल्स में मंगलवार को ग्रीस को यह अल्टीमेटम दिया गया कि यदि समझौता नहीं हो पाएगा, तो ग्रीस और उसके बैंक सोमवार (13 जुलाई) को कंगाल हो जाएंगे।

ईयू के अर्थव्यवस्था आयुक्त पियरे मास्कोविसी ने कहा कि यूरोप नहीं चाहता है कि ग्रीस यूरोजोन से बाहर हो।

मास्कोविसी ने कहा, “ग्रीस का बाहर निकलना एक असफलता होगी और हम इसे टालने की कोशिश कर रहे हैं।”

इससे पहले ईयू अध्यक्ष जीन क्लाउड जंकर ने कहा था कि ग्रीस के बाहर हो जाने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है, लेकिन वह ऐसा चाहते नहीं हैं।

उन्होंने कहा, “जरूरत पड़ने पर हमारे पास एक मानवीय योजना भी तैयार है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493