ग्रीस-तुर्की में भूकंप, 2 पर्यटकों की मौत (लीड 1)

एथेंस, 21 जुलाई (आईएएनएस)। ग्रीस और तुर्की के कई हिस्सों में शुक्रवार को आए शक्तिशाली भूकंप के चलते ग्रीस के कोस द्वीप पर स्वीडन के एक पर्यटक और एक तुर्की यात्री की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, भूकंप में 200 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।

समाचार एजेंसी एफे की रिपोर्ट के अनुसार, बीती रात लगभग 1.30 बजे भूकंप के झटके के कारण एक शराबघर की छत ढह गई, जिसमें दोनों विदेशी पयर्टकों की दबकर मौत हो गई।

नागरिक सुरक्षा अधिकारियों ने कहा है कि 90 लोगों को द्वीप के कई अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, हालांकि उनमें से 75 लोगों को प्राथमिक चिकित्सा प्रदान कर छुट्टी दे दी गई।

शेष 15 घायलों को द्वीप के बाहर अन्य बड़े अस्पतालों में भेज दिया गया है, जिनमें से पांच की हालत गंभीर बताई गई है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने कहा है कि भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.7 मापी गई, लेकिन ग्रीस के अधिकारियों ने इसे 6.4 की तीव्रता का बताया है।

हॉटेलियर्स एसोसियशन ऑफ कोस के अध्यक्ष कॉन्स्टेंटिना स्वीनोउ के अध्यक्ष ने कहा, भूकंप के समय ग्रीस के इस द्वीप पर लगभग 200,000 पर्यटक मौजूद थे।

जियोडायनामिक इंस्टीट्यूट ऑफ एथेंस के अनुसार, भूकंप केंद्र एजियन सागर में स्थित रोड्स और कोस नामक द्वीपों के बीच में कहीं था।

भूकंप के बाद कोस द्वीप का मुआयना करने गए ग्रीस के समुद्री एवं द्वीपीय समूह मामलों के उपमंत्री नेकटेरियस सैंटोरिनियस ने ग्रीस की सरकारी प्रसारण सेवा से कहा, भूकंप ने कोस के ऐतिहासिक केंद्र को बुरी तरह प्रभावित किया है। बंदरगाह को भी भारी छति हुई है।

उन्होंने कहा कि बड़े समुद्री जहाज कुछ समय के लिए बंदरगाह पर पहुंचने में असमर्थ होंगे।

भूकंप के कुछ समय बाद, 5.1 तीव्रता का एक और झटका लेरोज द्वीप से लगभग 26 किलोमीटर उत्तर की ओर एक स्थान पर महसूस किया गया। इसके बाद 4.6, 4.5 और 4.7 तीव्रता के तीन अन्य झटके भी महसूस किए गए। भूकंप से एक हल्की सूनामी भी आई, जिसमें तुर्की के दक्षिणपश्चिम में बोडरम नामक पत्तन शहर के कुछ जहाजों को नुकसान पहुंचने के साथ दर्जनों लोगों के घायल होने की खबर है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493