एथेंस, 29 जून (आईएएनएस)। ग्रीस की सरकार ने सोमवार को इस खबर की पुष्टि की है कि इस पूरे सप्ताह बैंक बंद रहेंगे। यह फैसला यूरोपीय केंद्रीय बैंक (ईसीबी) की सिफारिश के बाद किया गया है।
‘बीबीसी’ की रपट के मुताबिक, एक फरमान में सरकार ने नकदी की कमी की वजह से वित्तीय प्रणाली को बचाने की जरूरत को अत्यंत आवश्यक बताया है।
यह घोषणा ग्रीस मंत्रिमंडल की बैठक के बाद आधिकारिक सरकारी गजट में प्रकाशित हुई।
दस्तावेज के मुताबिक, सोमवार को एथेंस स्टॉक एक्सचेंज बंद रहेगा।
आदेश के मुताबिक, इस दौरान लोग प्रतिदिन 60 यूरो यानी 66 डॉलर तक की धनराशि ही बैंकों से निकाल सकते हैं।
ग्रीस को मंगलवार तक अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) को 1.6 अरब यानी 1.7 अरब डॉलर की धनराशि का भुगतान करना है। इसी दिन ग्रीस के मौजूदा बेलआउट पैकेज की समयसीमा समाप्त हो रही है।
इससे पहले, बेलआउट पैकेज की शर्तो के बारे में ग्रीस और यूरो क्षेत्र के देशों के बीच वार्ता बिना किसी समझौते के समाप्त हो गई थी, जिसके बाद प्रधानमंत्री एलेक्सिस सिप्रास ने पांच जुलाई को इस मुद्दे पर जनमत संग्रह का आह्वान किया था।
ग्रीस की संसद ने भी जनमत संग्रह के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
यदि ग्रीस 30 जून तक आईएमएफ को निर्धारित धनराशि का भुगतान करने में असफल हो जाता है तो उसे दिवालिया घोषित किया जा सकता है। इसके साथ ही वह 19 सदस्यीय यूरो क्षेत्र के देशों के समूह से भी बाहर हो सकता है।
dharmpath.com dharmpath