एथेंस, 25 नवंबर (आईएएनएस)। ईरान, बांग्लादेश और पाकिस्तान के 200 लोगों ने ग्रीस की सीमा पर प्रदर्शन किया। इनमें से कुछ ने अपने मुंह सिल रखे थे। प्रदर्शन शरणार्थियों की जांच के बारे में बनाई गई नई प्रक्रियाओं के खिलाफ किया गया। नए नियमों की वजह से ग्रीस सीमा पर करीब 1,000 शरणार्थी फंसे हुए हैं।
शरणार्थी मामलों के संयुक्त राष्ट्र उच्चायुक्त (यूएनएचसीआर) ने मंगलवार को कहा कि सर्बिया से लगी ग्रीस सीमा पर फंसे लोगों की निराशा बढ़ने के बीच हुए इस प्रदर्शन में 11 लोगों ने अपने मुंह सिल रखे थे। 60 लोग भूख हड़ताल कर रहे हैं।
यूएनएचसीआर ने बताया कि सीरिया, अफगानिस्तान और इराक के लोगों को सीमा पार करने की इजाजत दे दी गई थी, लेकिन अन्य देशों से आए लोगों को जांच की नई रूपरेखा और अन्य प्रतिबंधों की वजह से सीमा पर ही रोक दिया गया था।
यूएनएचसीआर ने कहा है, “यूरोप में एक नई मानवीय स्थिति पैदा हो रही है जिस पर तुरंत ध्यान देने की जरूरत है।”
यूएनएचसीआर ने चेताया है कि शरणार्थियों और आव्रजकों का ग्रीस के रास्ते यूरोप तक आना जारी रह सकता है।
संयुक्त राष्ट्र संस्था ने कहा है कि यह अफरातफरी कई और लोगों को मानव तस्करों के चंगुल में ढकेल सकती है।
पेरिस स्थित थिंक टैंक ओईसीडी के मुताबिक, मध्य-पूर्व, अफ्रीका और एशिया में संघर्ष तथा गरीबी की वजह से इस साल कम से कम 10 लाख लोग यूरोप में शरण लेना चाहेंगे।
इस साल अब तक मध्य-पूर्व, अफ्रीका और एशिया के 7,50,000 लोग शरण की आस में यूरोप पहुंच चुके हैं। इनमें से अधिकांश ग्रीस के रास्ते यहां पहुंचे हैं। इसे विश्व की अब तक की सबसे बड़ी आव्रजन समस्या बताया जा रहा है।
dharmpath.com dharmpath