ग्वालियर में रिटेनिंग वॉल गिरने से बड़ा हादसा

ग्वालियर-मध्य प्रदेश के ग्वालियर के चिरवाई नाका क्षेत्र में रविवार सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। पहाड़ी पर बनाई गई लगभग 15 फीट ऊंची रिटेनिंग वॉल अचानक भरभराकर गिर गई। जिसकी चपेट में तीन लोग आ गए। हादसे में 40 वर्षीय तराना की मौके पर मौत हो गई। जबकि, उनके पति राहुल उर्फ लल्ली जाटव (42) और देवर पप्पू जाटव गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई।

जानकारी के अनुसार, तराना रोज की तरह रविवार सुबह भी दीवार के पास चाय और सिगरेट का ठेला लगाकर काम कर रही थी। उनके पति राहुल और देवर पप्पू भी वहीं मौजूद थे। इसी दौरान रिटेनिंग वॉल अचानक ढह गई और तीनों उसके नीचे दब गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया। जिसके बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

परिजनों ने बताया कि राहुल और तराना मूल रूप से गोल पहाड़िया संजय नगर के रहने वाले थे और फिलहाल गुड़ा-गुड़ी के नाके पर किराए के मकान में रह रहे थे। दोनों ने प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद तराना ने अपना नाम बदलकर सपना रख लिया था। परिवार की आजीविका चाय के ठेले से ही चलती थी। वहीं, पप्पू जाटव कुछ दिन पहले ही अपने भाई-भाभी से मिलने आया था और हादसे के समय उनके साथ मौजूद था।

About Dharm Path

Leave a Reply


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493