नई दिल्ली, 23 जुलाई (आईएएनएस)। स्टार स्पोर्ट्स प्रो कबड्डी लीग सीजन-4 की टीम दबंग दिल्ली राजधानी में 24 जुलाई से शुरू हो रहे दिल्ली चरण में अपने सभी मुकाबले जीतने के लिए प्रतिबद्ध है।
त्यागराज स्टेडियम में 24 से 27 जुलाई के बीच होने वाले मुकाबलों में टीम का लक्ष्य जीत हासिल कर सेमीफाइनल में जगह बनाना है।
दिल्ली चरण की शुरुआत से पहले शनिवार को आयोजित एक समारोह में अभिनेता और दिल्ली टीम के ब्रांड एम्बेसडर सोनू सूद मौजूद थे।
दिल्ली चरण में टीम के सकारात्मक परिणामों के बारे में मुख्य कोच सागर बांडेकर ने कहा, “टीम सकारात्मक मानसिकता की स्थिति में है और अगले चार दिनों में घरेलू चरण में बेहतरीन प्रदर्शन की अपेक्षा कर रही है। मुझे विश्वास है कि हमारे सभी खिलाड़ी घरेलू समर्थकों के सामने शानदार प्रदर्शन करेंगे। रविवार से शुरू होने वाले घरेलू मुकाबलों के दौरान, हम दर्शकों को खेल के दबंग स्टाइल से रोमांचित करेंगे।”
दबंग दिल्ली कबड्डी क्लब को पूरे देश से शानदार समर्थन मिल रहा है। विशेषकर टीम के सोशल मीडिया पर अनूठा समर्थन मिला है। इनकी संख्या सीजन के आंकड़ों को पार कर चुकी है। ट्विटर व फेसबुक जैसी सोशल साइटों पर इसके फॉलोअर्स की संख्या में 120.52 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
दंबग दिल्ली के ब्रैंड एम्बेसडर और अभिनेता सोनू सूद ने कहा कि वह घरेलू चरण में होने वाले सभी मुकाबलों में टीम के समर्थन के लिए उपस्थित रहेंगे।
dharmpath.com dharmpath