नई दिल्ली, 23 मार्च (आईएएनएस)। विमानन कंपनी जेट एयरवेज ने बुधवार को कहा कि उसने ब्रसेल्स में घायल चालक दल के सदस्यों के परिवारों के ब्रसेल्स जाने की व्यवस्था की है।
कंपनी ने एक बयान में कहा, “हमने चालक दल के घायल सदस्यों के पारिवारिक सदस्यों के ब्रसेल्स जाने की व्यवस्था की है।”
ब्रसेल्स के जेवेंतम हवाईअड्डे पर मंगलवार सुबह हुए दो विस्फोटों में विमानन कंपनी के दो कर्मचारी घायल हुए हैं।
कंपनी ने कहा कि घायल कर्मी अस्पताल में सुरक्षित हैं।
बयान में कहा गया है, “ब्रसेल्स में हमारे कर्मचारी घायलों को जरूरी चिकित्सा सेवा सुनिश्चित कराने के लिए स्थानीय अधिकारियों और अस्पतालों के साथ समन्वय स्थापित कर रहे हैं।”
कंपनी ने कहा, “कंपनी ब्रसेल्स में स्थिति पर नजर रखे हुए है। विमानन कंपनी का मुंबई स्थित आपात प्रतिक्रिया केंद्र और ब्रसेल्स में स्थानीय घटना नियंत्रण केंद्र हमारे कर्मचारियों और यात्रियों को सभी जरूरी सहायता देने के लिए दिन-रात काम कर रहा है।”
कंपनी अभी मुंबई और दिल्ली से ब्रसेल्स के लिए रोजाना नॉन-स्टॉप उड़ानों का संचालन करती है।
कंपनी ने इस मार्ग पर अभी अपनी कई उड़ानें रद्द कर दी हैं।
dharmpath.com dharmpath