चन्दगीराम गोल्ड कप कुश्ती प्रतियोगिता का आगाज शनिवार से

नई दिल्ली, 15 मार्च (आईएएनएस)। ऑल इंडिया चन्दगीराम गोल्ड कप कुश्ती प्रतियोगिता का सातवां संस्करण शनिवार से सिविल लाइंस स्थित चन्दगीराम अखाड़ा में शुरू हो रहा है जो रविवार को समाप्त हो जाएगा।

इसमें देश भर से राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के स्कूली बच्चे व सीनियर पहलवान भाग लेंगे।

भारत केसरी अन्तर्राष्ट्रीय पहलवान जगदीश कालीरमन ने बताया कि इस ओपन प्रतियोगिता में पूरे देश से कोई भी खिलाड़ी भाग ले सकता है। यह प्रतियोगिता पदमश्री मास्टर चंदगीरामजी की याद में प्रत्येक वर्ष आयोजित कराई जाती है। इस बार प्रतियोगिता में छोटे बच्चे आकर्षण का केंद्र रहेंगे जिसमे 5 से 19 वर्ष के स्कूली बच्चे भी भाग ले रहे है।

कालीरमन ने कहा, “हम प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चो को मैट पर अन्तर्राष्ट्रीय नियमों के अनुसार खेलने के लिए मंच देना चाहते हैं। ताकि यही भारतीय बच्चे आगे चलकर भारत के लिए ओलम्पिक पदक जीत सकें। पूरे भारत में 5-10 वर्ष के छोटे बच्चों की बहुत कम कुश्ती प्रतियोगिताएं होती हैं। यह प्रतियोगिता कुश्ती जगत में बच्चों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।”

चन्दगीराम स्पोर्ट्स वेलफेयर चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष राजेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि 17 मार्च को पहलवान अखाड़े में आकार वजन देंगें उसके बाद उसी दिन 12 बजे से मैच शुरू होंगे। अगले दिन 18 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक लगातार मैच होंगे। समापन के समय विजेताओं को पदक व पुरुस्कार राशी से सम्मानित किया जायेगा।

इस मौके पर प्रतियोगिता निदेशक व अर्जुन अवार्डी कृपाशंकर बिश्नोई ने कहा, “कई राज्यों के पहलवानों ने प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए अपनी सहमती दे दी है। मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश पुलिस, आर्मी स्पोर्ट्स इंस्टिट्यूट पुणे, सीआरपीएफ., सीआईएसएफ, हरियाणा पुलिस के अलावा छत्रसाल स्टेडियम, इंदिरा गाँधी स्टेडियम, गुरु हनुमान अखाड़ा, एयर फोर्स, रेलवे, चन्दगीराम अखाड़ा, गुरु जसराम अखाड़ा, मेहरसिंह अखाड़ा, सत्यवान अखाड़ा, सुरेश अखाड़ा, प्रताप स्पोर्ट्स स्कूल आदि जगहों के पहलवानों को स्पर्धा में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493