पीपलकोटी – उत्तराखंड के चमोली जिले में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया. पीपलकोटी इलाके में एक जलविद्युत परियोजना के लिए बनाई जा रही सुरंग में अचानक पानी और मलबा घुस गया. हादसे के समय सुरंग के अंदर काम कर रहे 22 मजदूर फंस गए. इस घटना में 7 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य घायल बताए जा रहे हैं. हादसे की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और राहत-बचाव का काम शुरू कर दिया गया.
अधिकारियों के मुताबिक, सुरंग में फंसे 22 मजदूरों में से 20 को बाहर निकाल लिया गया है. इनमें छह मजदूरों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. वहीं, 14 घायल मजदूरों को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घायलों की हालत को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है. सुरंग में फंसे बाकी दो मजदूरों का अभी पता नहीं चल पाया है. उन्हें खोजने के लिए बचाव दल लगातार काम कर रहे हैं.
यह हादसा पीपलकोटी क्षेत्र में टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (THDC) लिमिटेड की परियोजना वाली जगह पर हुआ. यहां सुरंग बनाने का काम हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी (HCC) कर रही है. उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार सुरंग में अचानक पानी और मलबा घुस गया, जिसके बाद कई मजदूर अंदर फंस गए. हादसे की वजह को लेकर अभी जांच की जा रही है और ज्यादा जानकारी का इंतजार है.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर चिंता जताई है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि सभी एजेंसियों को तेजी से राहत और बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन का पूरा फोकस सुरंग में फंसे बाकी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने पर है. हादसे के बाद मौके पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और बचाव दल सुरंग के अंदर हालात को देखते हुए लगातार काम कर रहे हैं.
dharmpath.com dharmpath