मुंबई, 10 मई (आईएएनएस)। चार लघु कथाओं का संग्रह ‘चार कटिंग’ 29 मई को प्रदर्शित हो रही है। संग्रह के चार फिल्मों में से एक ‘स्किन डीप’ भी शामिल है, जिसे विक्रमादित्य मोटवानी ने लिखा है।
संग्रह की चारों कहानियां चार अलग अलग श्रेणियों की हैं, जिनमें रोमांच, नाटक, प्रेम कथा और हास्य शामिल हैं। यह फिल्म जमुरा और सेलेब्सटॉल के संयोजन की पहली फिल्म है।
‘चार कटिंग’ में विक्रमादित्य मोटवानी की लिखी ‘स्किन डीप’ का निर्देशन हार्दिक मेहता ने किया है। तीन अन्य कहानियों में निर्देशक विजयेता कुमार की ‘ब्लॉउज’, निर्देशक अनुज गुलाटी की ‘मनीला रनिंग’ और निर्देशक विवेक सोनी की ‘बावड़ी’ शामिल हैं।
‘स्किन डीप’ में अदिति वासुदेव ओर नवीन कस्तुरिया ने काम किया है, जिन्होंने इससे पहले फिल्म ‘सुलेमानी कीड़ा’ में साथ काम किया था।
‘ब्लॉउज’ की कहानी श्याम नाम के व्यक्ति की है, जिसे अपनी प्यारी बीवी के लिए बाबू दर्जीवाले से सही नाप की ब्लॉउज सिलवानी है।
‘मनीला रनिंग’ की कहानी जैकीज की है, जो एक ऑपरेशन के सिलसिले में फिलिपींस जाता है, वह शर्म की वजह से अपने ऑपरेशन के बारे में किसी से बात नहीं कर पाता और वहां मुश्किलों में पड़ जाता है।
‘बावड़ी’ एक सूखाग्रस्त गांव की कहानी है, जहां कोला प्लांट के खुलने से गांव की हालत बद से बदतर हो जाती है।
जमुरा के संस्थापक मुनीश तिवारी ने एक बयान में कहा, “अब तक लघु फिल्मों को मनोरंजन जगत में पर्याप्त स्थान नहीं मिल पाया है। हालांकि हमारा मानना है कि कई शानदार कहानियों को सामने लाने का यह एक बेहद शक्तिशाली माध्यम है, जिन्हें बहुत सारे संसाधनों और अपनी बात कहने के लिए 150 मिनटों की जरूरत नहीं पड़ती।”
फिल्म ‘चार कटिंग’ 29 मई को मुंबई, पुणे, नई दिल्ली, बेंगलुरू, कोलकाता, हैदराबाद और अहमदाबाद में पीवीआर डायरेक्टर्स रेयर के माध्यम से प्रदर्शित हो रही है।
dharmpath.com dharmpath