नई दिल्ली, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) इसी साल अगस्त में नया बहुराष्ट्रीय आमंत्रण टूर्नामेंट लेकर आ रहा है।
इस बात की घोषणा रविवार को एआईएफएफ ने एक बयान जारी कर की।
बयान के मुताबिक, नया चैम्पियंस कप महासंघ का वार्षिक आयोजन होगा जिसमें चार देश हिस्सा लेंगे।
मेजबान भारत के अलावा इस कप में अफ्रीका, एशिया, उत्तरी अमेरिकी देशों के खेलने की संभावना है।
एआईएफएफ के सचिव कुशल दास ने कहा, “हम 2017 में नए चैम्पियंस कप को लाने के लिए उत्साहित हैं। एआईएफएफ और उसका साझेदार एफएसडीएल मिलकर पिछले कुछ महीनों से मौजूदा राष्ट्रीय टीम के कार्यक्रम और दूसरे देशों का एशिया में प्रदर्शन का अध्यन कर रहा है।”
उन्होंने कहा, “चैम्पियंस कप का मकसद भारतीय टीम को ज्यादा से ज्यादा प्रशिक्षण शिविर, अंतर्राष्ट्रीय दोस्ताना मैचों और प्रतिस्पर्धी मैचों का अनुभव प्रदान करना है। हम एएफसी, सीएएफ और कॉनकाकेफ की कई फुटबाल संघों के संपर्क में हैं। हम लक्ष्य फीफा रैंकिंग में दिन ब दिन सुधार करना है।”
भारत ने मुख्य कोच स्टीफन कोंस्टैंटाइन के मार्गदर्शन में पिछले 13 मैचों में से 11 में जीत हासिल की है।
भारत फीफा रैंकिंग में इस समय 132वें स्थान पर है।
dharmpath.com dharmpath