चिरंजीवी, पवन को एक साथ लाने की ख्वाहिश

विशाखापट्टनम, 23 फरवरी (आईएएनएस)। फिल्म निर्माता और सांसद टी. सुबीरामी रेड्डी ने गुरुवार को इस बात की पुष्टि की कि मेगास्टार चिरंजीवी और पवन कल्याण के साथ मल्टी स्टारर फिल्म बनाने का प्रयास जारी है।

उन्होंने मीडिया को बताया कि दोनों भाईयों को एक साथ पर्दे पर लाने के लिए पटकथा तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि वह इन अभिनेताओं को उपयुक्त किरदार देने के लिए एक कहानी पर काम कर रहे हैं।

निर्माता ने इस बात की भी पुष्टि की कि इस फिल्म के सह-निर्माता अश्विनी दत्त होंगे।

कांग्रेस नेता ने इस बारे में चिंरजीवी और पवन कल्याण से बात भी कर ली है। उन्होंने कहा, “एक बार हमारी पटकथा तैयार हो जाए, तो हम शूटिंग शुरू कर देंगे।”

सुबीरामी रेड्डी ने पिछले महीने चिरंजीवी की फिल्म ‘कैदी नंबर 150’ के एक कार्यक्रम में घोषणा की थी कि वह मेगास्टार के परिवार के हर सदस्य को इस मल्टी-स्टारर फिल्म में शामिल करना चाहते हैं।

वहीं, तेलुगू फिल्म उद्योग में यह भी अफवाहें हैं कि दोनों भाइयों के अलग-अलग राजनीतिक विचारों के कारण यह फिल्म वास्तविकता की जमीन पर नहीं पहुंच पाएगी।

दोनों भाइयों ने भी कई मुद्दों पर आपसी मतभेदों की बात कही है। पवन चिंरजीवी के द्वारा अपनी प्रजा राज्यम पार्टी को कांग्रेस में मिलाने को लेकर खुश नहीं थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493