हांग कांग, 29 जून (आईएएनएस)। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग अपनी तीन दिवसीय यात्रा के तहत गुरुवार को हांग कांग पहुंचे। इसी के साथ वह पिछले 20 सालों में इस क्षेत्र की यात्रा करने वाले चीन के पहले राष्ट्रपति बने।
ब्रिटिश प्रशासन के अधीनस्थ रहे हांग कांग को ब्रिटिश सरकार ने 1997 में इसे विशेष प्रशासनिक क्षेत्र का दर्जा देते हुए चीन को सौंप दिया था।
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, यह बहुत ही प्रतीकात्मक यात्रा है, जो एक तेजी से बढ़ते हुए राजनीतिक उठापटक वाले माहौल के बीच हुई है। 2012 में चीन के राष्ट्रपति बनने के बाद शी की इस क्षेत्र की यह पहली यात्रा है।
राष्ट्रपति अपनी पत्नी पेंग लियुआन के साथ तीन दिवसीय यात्रा पर शहर के मुख्य चेक लेप कोक हवाईअड्डे पर पहुंचे।
चीन के इस प्रथम जोड़े का मार्चिग बैंड और बच्चों द्वारा हवा में झंडों को लहराकर, स्वागत किया गया।
अपने स्वागत के दौरान एक संक्षिप बयान में उन्होंने कहा हांग कांग ‘हमेशा से मेरे दिल’ में रहा है।
उन्होंने कहा, “बीजिंग की केंद्रीय सरकार हमेशा से हांग कांग का मजबूती से समर्थन करती रही है और हमेशा की तरह हांग कांग के आर्थिक विकास और लोगों के जीवन में सुधार के लिए समर्थन करती रहेगी।”
राष्ट्रपति ने कहा, “बीजिंग, पिछले 20 सालों की हांग कांग की असाधारण यात्रा को बनाए रखने के लिए हांग कांग समाज के सभी क्षेत्रों के साथ काम करने का इच्छुक है और यह ‘एक देश, दो व्यवस्थाओं’ को स्थिरता के साथ लगातार बनाए रखना सुनिश्चित करेगा।”
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, इस सप्ताह के अंत में कई आधिकारिक कार्यक्रमों के आयोजन की योजना बनाई गई है, जिनमें हांग कांग के नवनिर्वाचित मुख्य कार्यकारी कैरी लाम का औपचारिक सत्ता हस्तांतरण भी शामिल है। इस दौरान लोकतंत्र के समर्थकों और बीजिंग कैंप के समर्थकों द्वारा भारी विरोध प्रदर्शनों का आयोजन किया गया है।
राष्ट्रपति के पहुंचने से पहले बुधवार की शाम कई कार्यकार्ताओं को गिरफ्तार किया गया था।
गौरतलब है कि सामाजिक कार्यकर्ता वर्षो हांग कांग को और ज्यादा राजनीतिक स्वतंत्रता दिए जाने को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath