बीजिंग, 24 मार्च (आईएएनएस)। चीन में बीते साल एक रेलवे स्टेशन पर हुए भीषण आतंकवादी हमले के मामले में मंगलवार को तीन व्यक्तियों को फांसी पर चढ़ा दिया गया। इस हमले में 31 लोग मारे गए थे।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, सुप्रीम पीपुल्स कोर्ट की मंजूरी मिलने के बाद इस्कंदर एहेत, तुर्गुन तोहतुनयाज तथा हसन मोहम्मद को फांसी दे दी गई। दक्षिण-पश्चिमी प्रांत युन्नान की राजधानी कुनमिंग में तीनों को फांसी दी गई।
चीन में एक आतंकवादी संगठन चलाने, उसका नेतृत्व करने तथा हत्या के मामले में दोषी पाए जाने के बाद तीनों को सितंबर 2014 में मौत की सजा सुनाई गई थी।
उल्लेखनीय है कि एक मार्च, 2014 को आतंकवादियों ने रेलवे स्टेशन पर वहां मौजूद लोगों पर चाकुओं से अचानक हमला कर दिया था, जिसमें 31 लोग मारे गए थे, जबकि 141 लोग घायल हो गए थे। पुलिस ने चार हमलावरों को मार गिराया था, जबकि एक संदिग्ध महिला को गिरफ्तार कर लिया था।
महिला हमलावर पतिगुल तोहती को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। गिरफ्तारी के वक्त वह गर्भवती थी।
जांचकर्ताओं ने पाया था कि साल 2013 से ही तीनों आतंकवादी गतिविधियों के लिए लोगों की भर्ती करने का काम करते थे। रेलवे स्टेशन पर हमले के लिए भी आतंकवादियों की भर्ती का काम उन्होंने ही किया था।
हाल के कुछ वर्षो से चीन बढ़ते आतंकवादी खतरों का सामना कर रहा है।
dharmpath.com dharmpath