चीन में विवाह टूटने का कारण बन रहे स्मार्टफोन

वाशिंगटन, 7 मई (आईएएनएस)। चीन के मौजूदा हालात को देखकर लगता है कि वहां अगली पीढ़ी के सामने सबसे महत्वपूर्ण सवाल अपने जीवनसाथी और अपने स्मार्ट फोन में से किसी एक को चुनना होगा।

ऑल चाइना वुमन फेडरेशन (एसीडब्ल्यूएफ) द्वारा किए गए एक हालिया सर्वेक्षण में यह बात सामने आई है कि करीब 60 फीसदी विवाहित लोगों की शिकायत है कि स्मार्टफोन का इस्तेमाल उनके वैवाहिक रिश्ते में घुसपैठिये का काम कर रहा है।

सर्वेक्षण के मुताबिक, “मोबाइल इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चीन में प्यार का इलेक्ट्रॉनिक शत्रु बन बैठा है। स्मार्ट फोन के इस्तेमाल की लत वैवाहिक संबंधों, बच्चों के साथ माता-पिता के संबंधों और निजी स्वास्थ्य तक में दरार डालने का कारण बन रही है।”

वाशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, कम्युनिस्ट पार्टी के महिला संगठन ने 28 साल से कम आयु वाले 13,000 लोगों से बातचीत की, जिसमें से 43 फीसदी ने यह स्वीकार किया कि परिवार के साथ होने या जीवनसाथी से बातचीत के दौरान भी वे अपने मोबाइल फोन में व्यस्त होते हैं।

एक तिहाई से ज्यादा लोगों का कहना था कि वे अपने बच्चों को शांत और चुप रखने के लिए मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हैं। दो तिहाई के करीब लोगों का मानना था कि वे रात को बिस्तर पर भी मोबाइल फोन के साथ सोते हैं और बत्ती बुझाने के बाद भी मोबाइल का इस्तेमाल करते हैं।

यह सर्वेक्षण पार्टी के नेतृत्व में दशकों के सामाजिक उथल-पुथल और सामाजिक परिवर्तन के परिणामस्वरूप बिखर रहे पारिवारिक संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493