बीजिंग, 15 जनवरी (आईएएनएस)। चीन और वियतनाम ने एक संयुक्त विज्ञप्ति जारी कर समुद्री विवाद सुलझाने और दक्षिण चीन सागर क्षेत्र में शांति और स्थिरता की रक्षा करने का संकल्प व्यक्त किया है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, शनिवार को जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि समुद्री मुद्दों पर चीन और वियतनाम के बीच सौहार्द्रपूर्ण ढंग से विचारों का आदान-प्रदान हुआ है।
बयान में कहा गया है कि दोनों देशों ने मूल और दीर्घकालिक हल ढूढ़ने का संकल्प व्यक्त किया है, जो वार्ताओं के जरिए स्वीकार किया जा सकता है। दोनों देश बदलावकारी समाधान पर चर्चा कर सकते हैं, जो संयुक्त विकास के अनुसंधान सहित एक-दूसरे के उद्देश्य को प्रभावित नहीं करेगा।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि दक्षिण चीन सागर क्षेत्र में शांति और स्थिरता की रक्षा के लिए दोनों देश समुद्री विवादों को सुलझाने पर सहमत हुए हैं और ऐसी किसी कार्रवाई से परहेज करने पर राजी हुए, जो स्थिति को जटिल बना सकती है और तनाव बढ़ा सकती है।
यह विज्ञप्ति ऐसे समय में जारी की गई है, जब वियतनाम की कम्युनिस्टी पार्टी की केंद्रीय समिति के महासचिव गुयेन फू ट्रांग गुरुवार से चीन के चार दिवसीय दौरे पर रहे हैं।
चीन के चार दिवसीय दौरे के दौरान ट्रांग ने चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के राजनीतिक ब्यूरो की स्थाई समिति के सात सदस्यों में से पांच से मुलाकात की।
दोनों पक्ष आर्थिक और व्यापार, रक्षा, सुरक्षा, कानून प्रवर्तन, संस्कृति, युवा मामले और स्थानीय क्षेत्रीय विकास के क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा देने पर सहमत हुए हैं।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि वियतनाम साल 2017 में रेशम मार्ग के साथ अंतर्राष्ट्रीय सहयोग पर चीन द्वारा आयोजित एक शिखर सम्मेलन मंच का समर्थन करेगा और उसमें सक्रिय रूप से भाग लेगा।
dharmpath.com dharmpath