प्राग, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। चेक गणराज्य की सरकार ने सोमवार को दो माह के लिए शेंगेन सीमा की निगरानी में सहायता करने के लिए 25 सैनिकों और इंजीनियरिग उपकरणों को हंगरी भेजने की मंजूरी दे दी है। यह जानकारी देश के रक्षा मंत्री मार्टिन स्ट्रोप्निकी ने दी।
चेक गणराज्य की सरकार ने लक्जमबर्ग में प्रवासी संकट पर यूरोपीय संघ के आंतरिक मंत्रालयों की गुरुवार की बैठक के लिए आतंरिक मामलों के मंत्री मिलान चोवानेक के एक शासनादेश को भी मंजूरी दे दी है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, आतंरिक मामलों के मंत्री चोवानेक भी प्रेस कांफ्रेंस में मौजूद थे। उन्होंने कहा कि वह यूरोपीय संघ में शरणार्थियों का स्थायी पुनर्वितरण तंत्र बनाने का विरोध जारी रखेंगे।
रक्षा मंत्री मार्टिन स्ट्रोप्निकी ने कहा कि चेक गणराज्य के सैनिक 15 अक्टूबर से 15 दिसंबर तक हंगरी में तैनात रहेंगे।
रक्षा मंत्रालय सीमा पर बाड़ के खंभे तैयार करने के लिए माल ढोने के लिए ऑपरेटर सहित पांच ट्रक और 10 फील्ड किचन भेजेगा। प्रत्येक फील्ड किचन 60 लोगों के लिए खाना बना सकता है। पूरी लागत चेक गणराज्य का रक्षा मंत्रालय उठाएगा।
उन्होंने कहा कि यह मदद का पहला चरण है और इसे आगे बढ़ाने की संभावना है।
dharmpath.com dharmpath