चेल्सी और वेस्ट हैम ने ईएफएल कप के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया

लंदन, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। ईएफएल कप के अंतिम-16 के मैच में यहां स्टैमफोर्ड ब्रिज पर चेल्सी ने मेहमान टीम एवर्टन को 2-1 से हराकर टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

इंग्लैंड के शीर्ष क्लबों में शुमार चेल्सी और एवर्टन के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। मैच के पहले हाफ में चेल्सी का दबदबा देखने को मिला और 26वें मिनट में एंटोनियो रूडीगर ने हेडर से गोल कर टीम को 1-0 बढ़त दिला दी।

मैच के दूसरे हाफ में एवर्टन ने लगातार हमले किए और चेल्सी की रक्षापंक्ति को लगातार परेशानी में डाले रखा। हालांकि, गोलकीपर विली कैबेलरो के शानदार बचाव ने उन्हें मैच बराबरी पर नहीं आने दिया। मैच के इंजरी टाइम में विलियम ने गोल कर टीम को 2-0 से आगे कर दिया। इसके बाद एवर्टन के लेविन ने भी एक गोल किया, लेकिन वह एवर्टन की हार टाल नहीं सके।

ईएफएल कप के अंतिम-16 के एक अन्य मैच में वेस्ट हैम ने उलटफेर करते हुए वेम्बले स्टेडियम पर मेजबान टीम टॉटनहैम हॉटस्पर को 3-2 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

मैच के पहले हाफ में हॉटस्पर ने प्रतिष्ठा के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए छठे मिनट में सिसोको के गोल की मदद से 1-0 की बढ़त बना ली। मैच के 37वें मिनट में ऐली ने गोल कर टीम को 2-0 से आगे कर दिया।

दूसरे हाफ में वेस्ट हैम ने दमदार वापसी की और स्ट्राइकर आंद्रे आयू के दो (55वें और 60वें मिनट) और एंजेलो ओगबोनाना के एक गोल (70वें मिनट) की बदौलत टूर्नामेंट के अंतिम-8 में जगह बनाई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493