लंदन, 26 अगस्त (आईएएनएस)। इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) क्लब चेल्सी के रूसी मालिक रोमन अब्रामोविक लंदन स्थित क्लब को दो अरब पाउंड से अधिक की कीमत पर बेच सकते हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, ब्रिटेन में अपने वीजा को लेकर हुई तकलीफ के बाद ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि अब्रामोविक क्लब को बेच सकते हैं। इसी कारण उन्होंने स्टैमफोर्ड ब्रिज स्टेडियम की क्षमता को 60,000 तक बढ़ाने की अपनी योजना पर भी रोक लगा दी। इसमें करीब 50 करोड़ पाउंड का खर्चा आना था।
ब्रिटेन में अपनी स्थिति पर सवाल उठते देख अब्रामोविक ने इजराइल की नागरिकता ली थी। अगर वह चेल्सी को बेच देते हैं तो यह इंग्लिश क्लब दुनिया का सबसे महंगा क्लब हो जाएगा और इसकी कीमत 2006 में बिकी मैनचेस्टर युनाइटेड से तीन गुना ज्यादा होगी। ग्लेजियर परिवार ने 79 करोड़ पाउंड में युनाइटेड को खरीदा था।
अब्रामोविक को चेल्सी को बेचने बहुत बड़ा फायदा होगा। उन्होंने 2003 में इस क्लब को 14 करोड़ पाउंड में खरीदा था। रूसी मालिक के आने के बाद से चेल्सी ने पिछले 15 वर्षो में ईपीएल, एफए कप, यूरोपीय चैम्पियंस लीग समेत कई अन्य प्रतिष्ठित खिताब जीते हैं।
उन्होंने कथित तौर पर ब्रिटेन के सबसे अमीर आदमी सर जॉन रैटक्लिफ द्वारा चेल्सी को खरीदने के लिए दिए गए 2 अरब यूरो के प्रस्ताव को ठुकरा दिया।
dharmpath.com dharmpath