चैम्पियंस ट्रॉफी : द. कोरिया के खिलाफ आज जीत के इरादे से उतरेगा भारत

लंदन, 14 जून (आईएएनएस)। हॉकी चैम्पियंस ट्रॉफी में मंगलवार को दक्षिण कोरिया के खिलाफ भारतीय टीम जीत के इरादे के साथ उतरेगी।

जर्मनी से हुआ पहला मुकाबला ड्रॉ होने और ब्रिटेन से मिली जीत के बाद बेल्जियम से हुए मुकाबले में हार झेलनी वाली भारतीय टीम चौथे मुकाबले में हर हाल में जीत हासिल करना चाहेगी।

रोलेंट ओल्टमैंस की टीम ने शुक्रवार को हॉकी चैम्पियंस ट्रॉफी में अपने अभियान की शुरुआत की। अपने पहले मुकाबले में जर्मनी को 3-3 से ड्रॉ पर रोकने वाली भारतीय टीम ने शनिवार को दूसरे मुकाबले में ब्रिटेन को 2-1 से मात दी।

टूनार्मेंट में शनिवार को ब्रिटेन के खिलाफ हुए मुकाबले में भी भारत 2-0 से आगे था, लेकिन मेजबान टीम ने भरसक प्रयास करते हुए एक गोल दागा। हालांकि, मेहमान टीम ने खेल पर दबाव डालते हुए ब्रिटेन को हराकर अपनी जीत का खाता खोला।

अपने तीसरे मुकाबले में बेल्जियम की चुनौती का सामना करने में भारत असफल रहा और 2-1 से हार गया।

दक्षिण कोरिया ने अपने पहले मुकाबले में बेल्जियम को 2-0 से हराया, जबकि आस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए दूसरे मुकाबले में उसे 2-4 से हार का सामना करना पड़ा था।

ब्रिटेन के खिलाफ अपने तीसरे मुकाबले में भी दक्षिण कोरिया को 4-1 से हारकर मुंह की खानी पड़ी थी।

भारतीय टीम की रक्षात्मक पंक्ति काफी मजबूत नजर आ रही है। वहीं, गोलकीपर पी. आर. श्रीजेश और डिफेंडर वी.आर. रघुनाथन, हरमनप्रीत सिंह, सुरेंद्र कुमार तथा कोथाजीत सिंह के लिए एक बार फिर परीक्षा की घड़ी होगी।

रियो डी जेनेरियो में पांच से 21 अगस्त तक होने वाले ओलम्पिक खेलों से पहले यह अंतिम बड़ा टूर्नामेंट है, जिसमें भारत की आगामी खेलों के लिए तैयारी का एक नमूना देखा जा रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493