बर्मिघम, 4 जून (आईएएनएस)। चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ चैम्पियंस ट्रॉफी का आगाज करने उतरी भारतीय टीम ने एजबेस्टन स्टेडियम में चल रहे मैच में 25 ओवर में एक विकेट खोकर 138 रन बना लिए हैं।
25वें ओवर की तीसरी गेंद पर शिखर धवन (68) के रूप में भारत ने अब तक एकमात्र विकेट गंवाया है। दूसरे सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा 84 गेंदों में 65 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं।
शादाब खान की गेंद पर डीप मिडविकेट पर खड़े अजहर अली ने धवन का कैच लिया। धवन ने 65 गेंदों की बेहतरीन पारी में छह चौके और एक छक्का जड़ा।
पाकिस्तान ने टॉस जीत भारत को बल्लेबाजी का न्यौता दिया। भारत की सलामी जोड़ी रोहित शर्मा और शिखर धवन ने इस बेहद उत्तेजना वाले मैच की बेहद संयम के साथ शुरुआत की और पहले ओवर में एक भी रन नहीं लिया।
शुरुआत में धीमा खेल रहे रोहित और धवन ने धीरे-धीरे लय पकड़ी और पहले विकेट के लिए 24.3 ओवरों में 5.55 के औसत से 136 रनों की साझेदारी की।
धवन के जाने के बाद कप्तान विराट कोहली मैदान पर उतर चुके हैं।
dharmpath.com dharmpath