चैम्पियंस लीग : टोटेनहम ने डॉर्टमंड को 3-0 से करारी शिकस्त दी

लंदन, 14 फरवरी (आईएएनएस)। इंग्लिश क्लब टोटेनहम हॉटस्पर ने यूरोपीय चैम्पियंस लीग राउंड ऑफ-16 के पहले लेग के मुकाबले में बुधवार रात यहां बोरुशिया डॉर्टमंड को 3-0 से करारी शिकस्त दी।

बीबीसी के अनुसार, टोटेनहम ने वेम्बली स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में तीनों गोल दूसरे हाफ में दागे।

मुकाबले में जर्मन क्लब की शुरुआत शानदार रही। डॉर्टमंड ने विंग में मौजूद खिलाड़ियों की तेजी का लगातार अच्छा उपयोग किया और मेजबान टीम की मिडफील्ड और डिफेंस पर दबाव बनाए रखा।

टोटेनहम की टीम के फारवर्ड खिलाड़ियों भी मेहमान टीम के हाफ में कोई दमदार मूव नहीं बना पाए। डॉर्टमंड के खिलाड़ियों ने उन्हें 18 गज के बॉक्स के पास भी जगह नहीं दी।

मेजबान टीम की ओर से हैरी केन और डेली ऐली नहीं खेल रहे थे जिसका प्रभाव उनके खेल में भी दिखा। डॉर्टमंड की टीम में खेल रहे इंग्लैंड के युवा खिलाड़ी जाडोन सांचो ने पहले हाफ में अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन दूसरे हाफ में टोटेनहम की टीम हावी हो गई।

मेजबान टीम के लिए पहला गोल 47वें मिनट में सोन-ह्यूंग मिन ने किया। उन्होंने डिफेंडर जान वर्टोंगन के क्रॉस पर बॉक्स के अंदर से शानदार वॉली लगाकर गोल किया।

इसके बाद, टोटेनहम का दबदबा देखने को मिला और मेहमान टीम के खिलाड़ी लगातार जूझते नजर आए।

मैच के 83वें मिनट में वर्टोंगन ने एक बार फिर बेहतरीन खेल दिखाया। उन्होंने गोल करते हुए मेजबान टीम की बढ़त को दोगुना कर दिया।

टोटेनहम यहीं नहीं रुकी और 86वें मिनट में फर्नाडो लोरेंटे ने गोल करते हुए अपनी टीम की जीत सुनिश्चित कर दी।

दूसरे लेग का मुकाबला डॉर्टमंड के घरेलू मैदान पर छह मार्च को खेला जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493