तुरिन, 15 फरवरी (आईएएनएस)। जुवेंतस के स्ट्राइकर गोंजालो हिगुएन ने टोटेनहम हॉटस्पर के खिलाफ खेले गए चैम्पियंस लीग मैच में पेनाल्टी पर मिले गोल के अवसर पर असफल रहने के बाद प्रशंसकों की नाराजगी पर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की है।
लीग के अंतिम-16 दौर के पहले चरण का मैच दोनों टीमों के बीच 2-2 से ड्रॉ रहा।
समाचार एजेंसी एफे की रिपोर्ट के अनुसार, हिगुएन ने अच्छी शुरुआत की थी। उन्हें पेनाल्टी पर गोल दागने का मौका मिला था, लेकिन वह इस मौके को भुना नहीं पाए।
इस कारण हिगुएन को सोशल मीडिया पर प्रशंसकों की आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। इस पर आखिरकार उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया दी।
हिगुएन ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक संदेश में कहा, “अपने घर के सोफे पर बैठकर मैच के बाद बातें करना आसान है। जब तक 2-0 का स्कोर था, तब तक सही था, लेकिन 2-2 के स्कोर के बाद सबके विचार बदल गए। हमें इस स्कोर में रुचि नहीं है और हम क्वालीफाई करने के लिए लंदन जा रहे हैं।”
टोटेनहम और जुवेंतस के बीच नॉक-आउट दौर के दूसरे चरण का मैच सात मार्च को वेम्ब्ले स्टेडियम में खेला जाएगा।
dharmpath.com dharmpath