सिन्सहाइम (जर्मनी), 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। इंग्लिश क्लब मैनचेस्टर सिटी ने मंगलवार देर रात यहां हॉफेनहाइम को 2-1 से हराकर 2018-19 यूरोपीय चैम्पियंस लीग की अपनी पहली जीत दर्ज की।
समाचार एजेंसी एफे के अनुसार, चैम्पियंस लीग के ग्रुप स्तर के पहले मुकाबले में सिटी को फ्रेंच क्लब ओलम्पिक लियोन के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
हॉफेनहाइम के खिलाफ दूसरे मुकाबले में भी सिटी की शुरुआत निराशाजनक रही और इशक बेल्फोडिल ने पहले मिनट में ही गोल दागकर जर्मन क्लब को बढ़त दिला दी।
इसके बाद, सिटी ने अपने खेल को बेहतर किया। सातवें मिनट में अर्जेटीना के स्ट्राइकर सर्जियो अगुएरो ने अपनी टीम के लिए बराबरी का गोल दागा।
पहले हाफ में मेहमान टीम को गोल करने के कुछ और मौके भी मिले लेकिन वह बढ़त बनाने में कामयाब नहीं हो पाई।
दोनों टीमो के बीच दूसरे हाफ में कड़ी टक्कर देखने को मिली लेकिन गोल करने में कामयाबी सिटी को मिली।
मैच के 87वें मिनट में डेविड सिल्वा ने गोल करके सिटी की जीत सुनिश्चित कर दी।
dharmpath.com dharmpath