चैम्पियंस लीग : मैनचेस्टर युनाइटेड ने जुवेंतस को 2-1 से मात दी

तुरिन (इटली), 8 नवंबर (आईएएनएस)। इंग्लिश क्लब मैनचेस्टर युनाइटेड ने बु़धवार देर रात यहां यूरोपीय चैम्पियंस लीग के एक कड़े मुकाबले में जुवेंतस को 2-1 से शिकस्त दी।

जुवेंतस के घरेलू मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में मेहमान टीम ने अंतिम पांच मिनट में दो गोल दागकर अप्रत्याशित जीत हासिल की।

समाचार एजेंसी एफे के अनुसार, इस हार के बावजूद जुवेंतस ग्रुप-एच में चार मैचों के बाद नौ अंकों के साथ शीर्ष पर काबिज है जबकि युनाइटेड सात अंकों के साथ दूसरे स्थान पर मौजूद है।

मैच के पहले हाफ में दोनों टीमों ने शानदार खेल दिखाया। मेजबान टीम ने बेहतरीन आक्रमण किए तो वहीं युनाइटेड के डिफेंस ने भी संयम से खेलते हुए गोल नहीं होने दिया।

जुवेंतस ने दूसरे हाफ की दमदार शुरुआत की और पांच मिनट के अंदर ही पाउलो डिबाला ने 20 गज की दूरी से गोल करने का शानदार प्रयास किया लेकिन गेंद क्रॉस बार से लगकर बाहर चली गई।

मैच के 65वें मिनट में करिश्माई फारवर्ड क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने वॉली पर शानदार गोल करते हुए जुवेंतस को बढ़त दिला दी।

युनाइटेड ने वापसी की कोशिश जारी रखी और 86वें मिनट में जुआना माटा ने बॉक्स के पास मिली फ्री-किक पर लोग करके अपनी टीम को बराबरी पर ला खड़ा किया।

इसके तीन मिनट बाद, एश्ले यंग की फ्री-किक पर एलेक्स सैंड्रो के ओन गोल के कारण जुवेंतस को हार झेलनी पड़ी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493