न्योन (स्विट्जरलैंड), 13 अप्रैल (आईएएनएस)। यूईएफए चैम्पियंस लीग का खिताब 12 बार जीतने वाला स्पेनिश दिग्गज क्लब रियल मेड्रिड टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जर्मनी के शीर्ष क्लब बायर्न म्यूनिख से भिड़ेगा।
एक अन्य सेमीफाइनल में इंग्लिश क्लब लिवरपूल का सामना टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में स्पेन के क्लब बार्सिलोना को हराकर उलटफेर करने वाले इटली के क्लब एस रोमा से होगा। लिवरपूल ने क्वार्टर फाइनल में इंग्लैंड के ही क्लब मैनचेस्टर सिटी को 5-1 के बड़े अंतर से हराया था।
लिवरपूल के प्रशंसकों को मिस्र के किंग कहे जा रहे मोहम्मद सलाह से शानदार प्रदर्शन करने की उम्मीद होगी।
रियल मेड्रिड इस मैच को जीतकर 13वें चैम्पियंस लीग खिताब की ओर आगे बढ़ना चाहेगा जबकि बायर्न, मेड्रिड के तिलिस्म को तोड़ना चाहेगा। मेड्रिड ने एक रोमांचक क्वार्टर फाइनल मुकाबले में इटली के क्लब जुवेंतस को 4-3 के कुल योग से हराया था जबकि बायर्न ने स्पेनिश क्लब सेविला को 2-1 के कुल स्कोर से हराया था।
लिवरपूल एवं रोमा के बीच सेमीफाइनल के पहले दौर का मुकाबला 25 अप्रैल और दूसरे दौर का मुकाबला तीन मई को होगा। रियल एवं बायर्न के बीच पहले दौर का मैच 26 अप्रैल और दूसरे दौर का मैच दो मई को होगा।
dharmpath.com dharmpath