मुंबई, 3 जनवरी (आईएएनएस)। पूर्व सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त मलेशिया के दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी ली चोंग वेई को हराकर आत्मविश्वास से लबरेज भारत के शीर्ष पुरुष बैडमिंटन स्टार किदांबी श्रीकांत ने रविवार को कहा कि चोंग वेई पर जीत के साथ वर्ष की शुरुआत करना विशेष बात है।
श्रीकांत ने रविवार को हुए प्रीमियर बैडमिंटन लीग (पीबीएल) के मैच में अपनी टीम बेंगलुरू टॉप गन्स के लिए खेलते हुए मुकाबले के आखिरी मैच में चोंग वेई को 15-12, 6-15, 15-7 से मात दी।
हालांकि श्रीकांत की टीम बेंगलुरू चोंग वेई की टीम हैदराबाद हंटर्स के हाथों 2-3 से हार गई।
नौवीं विश्व वरीयता प्राप्त श्रीकांत ने मैच के बाद कहा, “चोंग वेई जैसे दिग्गज खिलाड़ी के खिलाफ जीत के साथ वर्ष की शुरुआत करना शानदार है। वह काफी लंबे समय से बैडमिंटन जगत में शीर्ष खिलाड़ियों में बने हुए हैं और उन्हें वर्ष के पहले ही मुकाबले में हराना बहुत अच्छा रहा।”
श्रीकांत ने कहा, “इस जीत से मेरा आत्मविश्वास और बढ़ गया है, जिससे आने वाले मैचों में मैं और अच्छा प्रदर्शन कर सकूंगा। मैंने चोंग वेई के खिलाफ आक्रामक रणनीति अपनाई। मैंने जो स्मैश लगाए वे बिल्कुल सटीक रहे।”
dharmpath.com dharmpath