छठ पर्व : लालू यादव के घर उदासी ,नीतीश के घर चहल-पहल

पटना, 2 नवंबर – लोकआस्था के महापर्व छठ पर कभी पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद और राबड़ी देवी के आवास पर उत्साह और गहमागहमी रहती थी, लेकिन इस साल छठ पर्व के मौके पर इस आवास पर उदासी छाई हुई है। दूसरी ओर, मुख्यमंत्री आवास पर छठ पर्व को लेकर गहमागहमी और उत्साह का माहौल है।

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और उनकी पत्नी राबड़ी देवी छठ की तैयारी में दिवाली के बाद से ही लग जाते थे। नेताओं और कार्यकर्ताओं को घर बुलाकर प्रसाद खिलाया करते थे।

फिलहाल, लालू चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता होने के कारण रांची की जेल में बंद हैं। स्वास्थ्य खराब रहने के कारण वह इन दिनों रांची के रिम्स में भर्ती हैं। राजद के एक नेता की मानें तो लालू प्रसाद रिम्स के पेइंग वार्ड में ही छठ पर्व मना रहे हैं।

इधर, राजद के एक नेता की मानें तो लालू प्रसाद के पुत्र तेजप्रताप यादव मथुरा में हैं जबकि राबड़ी देवी की तबीयत खराब है। इस कारण इस साल व्रत नहीं हो सका।

इधर, मुख्यमंत्री आवास में छठ पर्व पर गहमागहमी बनी हुई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की भाभी और परिवार के कई अन्य सदस्य यहां पहुंचे हैं और छठ पर्व कर रहे हैं। शुक्रवार की रात छठ पर्व के खरना के अवसर पर बड़ी संख्या में लोग मुख्यमंत्री आवास पर पहुंचे और प्रसाद ग्रहण किया। मुख्यमंत्री ने स्वयं राज्यपाल फागू चौहान का स्वागत किया और उन्हें खरना का प्रसाद खिलाया।

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493