छतरपुर:आंधी-बारिश के कारण CM का दौरा रद्द, हेलीपैड पर भर गया था पानी

छतरपुर- मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को गुरुवार को आंधी और बारिश के कारण अपना छतरपुर दौरा रद्द करना पड़ा। दरअसल, छतरपुर में दोपहर करीब 12 बजे से तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई थी। बताया जा रहा है कि गौरिहार में बने हेलीपैड में पानी भर गया। साथ ही सभास्थल पर लगा टेंट भी आंधी में उखड़ गया। ऐसे में अधिकारियों की सलाह पर सीएम यादव ने अपना दौरा रद्द करना ही उचित समझा।

गुरुवार को सीएम मोहन यादव यादव की छतरपुर के गौरिहार और मऊसहानियां में जनसभा होनी थी। मऊसहानियां में विरासत महोत्सव का आयोजन आज शाम 5 बजे निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। वहीं, गौरिहार की सभा कैंसिल हो गई। इसके बाद मुख्यमंत्री खजुराहो पहुंचे और वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए जनता को संबोधित किया।

आंधी और मूसलाधार बारिश के कारण सभा स्थल, हेलीपेड और खेत में बनी अस्थाई पार्किंग में पानी भर गया। सड़क में सैकड़ों वाहन फंसे हुए हैं। प्रशासन और पुलिस स्थिति सामान्य करने में जुटा है। इलाके में अब भी बारिश हो रही है। छतरपुर के कार्यक्रम में भाग लेने के बाद सीएम को पन्ना जाकर महाराजा छत्रसाल जयंती समारोह, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के हितग्राही सम्मेलन और सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल होना था। हालांकि, ये कार्यक्रम अब रद्द हो गए हैं।

मौसम विभाग ने गुरुवार को एमपी के खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा और बैतूल में 24 घंटे में ढाई से साढ़े 4 इंच तक बारिश होने की संभावना जताई है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम-जबलपुर संभाग के जिलों में आंधी-बारिश का दौर रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, श्योपुर, सागर, पांढुर्णा, दमोह और रायसेन में तेज आंधी के साथ बारिश हो सकती है। श्योपुर में तेज बारिश भी हो रही है।

यहां 60 किमी या इससे अधिक की रफ्तार से आंधी चलने का अनुमान है। इसी तरह आगर-मालवा, मुरैना, नीमच, गुना, शाजापुर, शिवपुरी, अशोकनगर, ग्वालियर, छतरपुर, पन्ना, बैतूल, सिवनी, बालाघाट, छिंदवाड़ा, अनूपपुर, डिंडौरी, कटनी, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज, नरसिंहपुर और उमरिया में भी बारिश होने का अलर्ट है।

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493