जर्मनी का विमान फ्रांस में गिरा, 150 के मरने की आशंका (लीड-3)

पेरिस, 24 मार्च (आईएएनएस)। जर्मनी की किफायती विमानन सेवा प्रदाता कंपनी जर्मनविंग्स का एक विमान एयरबस ए320 मंगलवार को बार्सिलोना से डसेलडोर्फ जाते समय दक्षिणी फ्रांस में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में 150 यात्री सवार थे। फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा होलांद ने विमान हादसे में किसी के भी बचने की संभावना से इंकार किया है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, विमानन कंपनी जर्मनविंग्स ने मंगलवार को इस बात की पुष्टि की है कि उसकी उड़ान संख्या 4यू9525 वाला विमान फ्रेंच आल्प्स के ऊपर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

विमान ने स्पेन के बार्सिलोना से जर्मनी के डसेलडोर्फ के लिए उड़ान भरी थी। पूर्वाह्न् 11 बजे के करीब यह दक्षिणी फ्रांस के आल्प्स-दे-हौत प्रांत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

अपनी मूल कंपनी लुफ्थांसा के साथ एक संयुक्त बयान जारी कर जर्मनविंग्स ने कहा कि विमान में 144 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सवार थे।

ट्विटर पर जारी इस बयान में कंपनी ने कहा, “हमें बहुत खेद के साथ इस बात की पुष्टि करनी पड़ रही है कि बार्सिलोना से डसेलडोर्फ जा रहा उड़ान संख्या 4यू9525 वाला विमान फ्रेंच आल्प्स के ऊपर दुर्घटना ग्रस्त हो गया है।”

जर्मनविंग्स और लुफ्थांसा ने यात्रियों के परिजनों के लिए आपातकालीन सहायता नंबर जारी किए हैं।

दोनों कंपनियों ने कहा, “इस हादसे से जर्मनविंग्स और लुफ्थांसा के हर एक सदस्य को गहरा झटका लगा है। हमारी प्रार्थनाएं यात्रियों के परिजनों और मित्रों के साथ हैं।”

फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा होलांद ने कहा कि इस विमान हादसे में किसी के भी जीवित बचने की संभावना नहीं है।

एक बयान में होलांद ने कहा, “दुर्घटना की स्थिति से आशंका जताई जा रही है कि कोई भी जीवित नहीं बचा होगा। फ्रांस में हुए इस हादसे की स्थित हालांकि अभी तक साफ नहीं हो पाई है।”

होलांद ने कहा कि फ्रांस जर्मनी, स्पेन और हादसे में पीड़ित यात्रियों के परिजनों के साथ है।

जर्मनविंग्स जर्मनी की विमानन कंपनी लुफ्थांसा एयरलाइंस की किफायती विमानन सेवा है। लुफ्थांसा यूरोप की सबसे बड़ी यात्री वाहक कंपनी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493