जाधव तक राजनयिक पहुंच से पाकिस्तान का फिर इनकार

इस्लामाबाद, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। पाकिस्तानी विदेश सचिव तहमीना जांजुआ ने बुधवार को एक बार फिर कथित भारतीय जासूस कुलभूषण जाधव तक राजनयिक पहुंच मुहैया कराने के आग्रह को ठुकरा दिया। जाधव को सैन्य अदालत ने जासूसी के आरोप में मौत की सजा सुनाई है।

रेडियो पाकिस्तान की रपट के मुताबिक, इस्लामाबाद में जांजुआ के साथ मुलाकात में भारतीय उच्चायुक्त गौतम बंबावाले ने जाधव को राजनयिक पहुंच देने का आग्रह किया।

हालांकि, जांजुआ ने मामले के कानूनी पक्ष का जिक्र करते हुए बंबावाले से कहा कि पाकिस्तान ने जाधव को राजनयिक पहुंच नहीं देने के फैसले को बरकरार रखा है।

जांजुआ ने बंबावाले से कहा कि “जाधव ने भारतीय नौसेना अधिकारी के रूप में सेवाएं दी हैं, वह पाकिस्तान में आतंकी गतिविधियों में शामिल थे और इसलिए उस तक पहुंच की अनुमति नहीं दी जाएगी।”

जाधव को 10 अप्रैल को मौत की सजा सुनाए जाने के बाद यह दूसरी बार है कि भारतीय उच्चायुक्त ने जांजुआ से मुलाकात की है।

पूर्व नौसेना अधिकारी जाधव को बलूचिस्तान से मार्च 2016 में गिरफ्तार किया गया था। पाकिस्तान उन पर जासूस होने का आरोप लगा रहा है।

भारत ने 15 बार जाधव के लिए राजनयिक पहुंच की मांग की है, लेकिन पाकिस्तान ने हर बार इनकार किया है।

भारतीय अधिकारियों का कहना है कि उन्हें जाधव के ठिकाने और स्थिति की जानकारी नहीं दी गई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493