जापान की सर्वाधिक ऊंची इमारत टोक्यो में बनेगी

टोक्यो, 1 सितम्बर (आईएएनएस)।

जापान की एक प्रमुख कंपनी ने मध्य टोक्यो में 390 मीटर ऊंची गगनचुंबी इमारत के निर्माण की योजना बनाई है।

सरकारी समाचार एजेंसी एनएचके के अनुसार, मित्सुबिशी एस्टेट ने सोमवार को एक संवाददाता सम्मेलन में इस परियोजना की घोषणा की।

मित्सुबिशी एस्टेट के अध्यक्ष हिरोताका सुगियामा ने कहा कि यह गगनचुंबी इमारत शहर की अंतर्राष्ट्रीय ख्याति बढ़ाने में मददगार होगी।

कंपनी तीन इमारतों के निर्माण के लिए जेआर टोक्यो स्टेशन के नजदीक 3.1 हेक्टेयर क्षेत्र को पुनर्विकसित करेगी।

इनमें से एक इमारत 390 मीटर ऊंची होगी, जिसमें भूतल से नीचे पांच मंजिलें और ऊपर 61 मंजिलें होंगी।

यह इमारत पश्चिमी जापान के ओसाका में स्थित 300 मीटर ऊंची इमारत अबेनो हरुकास से भी अधिक ऊंची। इस तरह यह देश की सबसे ऊंची इमारत होगी।

इस परियोजना को पूरा होने में लगभग 12 साल लगेंगे। कंपनी के अनुसार 2028 तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

इस इमारत में व्यवसायिक केंद्र और कार्यालय होंगे। मित्सुबिशी एस्टेट ने इस परिसर में 7,000 वर्ग मीटर का एक प्लाजा बनाने की भी योजना बनाई है, जो बड़े आयोजनों के लिए उपयुक्त होगा।

इरादा यह भी है कि विदेशी कंपनियों को यहां आने का आमंत्रण देकर इसे वित्तीय व्यापार का अंतर्राष्ट्रीय केंद्र बनाया जाए।

कंपनी के अनुसार, इस परियोजना की कुल लागत 10 खरब येन यानी आठ अरब डॉलर से भी अधिक होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493