जापान में बाढ़ के बाद खोज एवं बचाव अभियान शुरू

टोक्यो, 13 जुलाई (आईएएनएस)। जापान में भारी बारिश व बाढ़ के बाद 127 लापता लोगों को खोजने के लिए शुक्रवार को अभियान शुरू किया गया। बाढ़ से अब तक 204 लोगों की मौत हो चुकी है।

समाचार एजेंसी ‘एफे’ ने सरकार के प्रवक्ता योशिदे सुगा के हवाले से बताया कि इस बचाव अभियान के लिए 81 हेलीकॉप्टरों को तैनात किया गया है और लगभग 73,000 सेना, पुलिस व दमकलकर्मी इस अभियान में लगे हुए हैं।

प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने 5,500 स्वयंसेवकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जो शरणार्थी शिविरों में रह रहे 7,000 लोगों की देखभाल कर रहे हैं।

सार्वजनिक प्रसारक ‘एनएचके’ के मुताबिक, अगले तीन दिनों में प्रभावित इलाकों में और अधिक स्वयंसेवकों के पहुंचने की उम्मीद है और आबे ने अधिकारियों से शरणार्थी शिविरों में लोगों की सुरक्षा और गर्मी से बचने के लिए कदम उठाने के लिए कहा है।

जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, आपदा से प्रभावित कई क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहने की उम्मीद है जिससे अस्थायी आश्रयों में रह रहे लोगों को लू लगने और संक्रामक रोग होने का खतरा है।

वहीं, शुक्रवार को आबे एहिमे (पश्चिम) का दौरा कर राहत व बचाव कार्य का जायजा ले सकते हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493