टोक्यो, 20 अगस्त (आईएएनएस)। जापान के योकोहामा आव्रजन केंद्र में भोजन में सूअर का मांस परोसे जाने के विरोध स्वरूप एक पाकिस्तानी नागरिक बीते दो सप्ताह से भूख हड़ताल पर है।
मुस्लिम नागरिक को तीन अगस्त की शाम को भोजन में प्रसंस्कृत हैम (सूअर का मांस) परोसा गया था, जिसके बाद से लेकर अब तक वह भूख हड़ताल पर है।
इस्लाम धर्म मानने वाले किसी भी व्यक्ति के लिए सूअर का मांस खाना हराम है।
जापान टुडे की एक रपट के मुताबिक, व्यक्ति वर्तमान में केवल पानी व पोषक तत्वों की खुराक ले रहा है। आव्रजन अधिकारियों ने कहा है कि उसके स्वास्थ्य को खतरा नहीं है।
इसी तरह की घटना अगस्त 2015 में हुई थी, जहां एक और मुस्लिम व्यक्ति को सलाद में सुअर का मांस परोस दिया गया था, जिसके लिए योकोहामा इलाके के आव्रजन ने ‘प्रशासनिक गलती’ के लिए माफी मांगी थी।
विदेशियों के अधिकारों की रक्षा करने वाले एक मानवाधिकार समूह के प्रतिनिधि ने कहा, “यह आव्रजन कार्यालय की जिम्मेदारी है कि वह लोगों की धार्मिक आस्था को ध्यान में रखते हुए उन्हें भोजन मुहैया कराए और मैं अपील करता हूं कि ऐसा आगे से नहीं होना चाहिए।”
प्रतिक्रिया में आव्रजन विभाग ने कहा, “इसके लिए हम खेद जताते हैं और हम मामले की जांच कर रहे हैं।”
dharmpath.com dharmpath