टोक्यो, 2 जून (आईएएनएस)। जापान की संसद के निचले सदन ने शुक्रवार को सम्राट अकिहितो के पदत्याग की अनुमति के लिए तैयार किए गए विधेयक को मंजूरी दे दी और शाही परिवार की महिला सदस्यों के विवाह के बाद भी शाही परिवार में बने रहने या नहीं रहने पर चर्चा शुरू की।
समाचार एजेंसी एफे न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, विधायी संस्था ने दो दिनों की चर्चा के बाद इस विधेयक को मंजूरी दी। इसके खिलाफ केवल एक वोट पड़ा और तीन सदस्य तटस्थ रहे। इस तरह प्रस्ताव के ऊपरी सदन में पास होने का रास्ता साफ हो गया, जहां इसे 9 जून को पेश किया जाएगा।
जापान के शीर्ष सरकारी प्रवक्ता योशिहिदे सुग ने कहा कि हालांकि यह कानून सिर्फ सम्राट अकिहितो (83) द्वारा अपने बेटे नरुहितो (57) के लिए गद्दी छोड़ने के लिए लागू होगा, लेकिन इसकी मंजूरी भविष्य के पदत्याग के लिए एक नजीर होगी।
जापान के इम्पीरियल हाउसहोल्ड कानून के तहत सम्राट के मरणोपरांत ही उनके उत्तराधिकारी को सम्राट बनाने की इजाजत है। इस कानून को 1947 में अधिनियमित किया गया था।
इस कानून के मसौदे में कहा गया है कि इस कानून के बनने के तीन साल के बाद पदत्याग का फैसला लिया जा सकेगा। हालांकि अब तक पदत्याग की कोई तारीख तय नहीं की गई है लेकिन सरकार का मानना है कि पदत्याग के लिए आदर्श समय 2018 दिसंबर होगा, जब सम्राट 85 साल के हो जाएंगे और राज्य के प्रमुख के तौर पर तीन दशक पूरे कर लेंगे।
dharmpath.com dharmpath