जायन मलिक को पेशेवर मदद की जरूरत : मेल सी

लॉस एंजेलिस, 15 नवंबर (आईएएनएस)। लोकप्रिय पॉप बैंड स्पाइस गर्ल्स की सदस्य गायिका मेल सी का मानना है कि गायक जायन मलिक को शोहरत की वजह से होने वाली दिक्कतों से निपटने के लिए पेशेवर मदद की जरूरत है।

वेबसाइट ‘मिरर डॉट को डॉट यूके’ की रिपोर्ट के मुताबिक, मेल का मानना है कि मलिक को किसी भी तरह की सलाह से मदद मिल सकती है। गायिका ने कहा कि अपनी सफलता के दबाव से निपटने में उन्हें भी इसी से फायदा हुआ था।

मेल ने पत्रिका ‘एटीट्यूड’ को बताया, “मैं समझ सकती हूं कि वह जूझ रहे हैं। इतनी अधिक लोकप्रियता को सहजता से लेना आसान नहीं होता। इससे निपटने के लिए उन्हें शायद पेशेवर मदद की जरूरत है, मैंने भी यही किया था।”

मेल ने लोकप्रियता और सफलता के सपने देखे थे, लेकिन उनका कहना है कि हकीकत काफी अलग होती है।

मेल ने कहा, “मैने अपना बचपन मशहूर पॉप स्टार बनने और दुनियाभर में घूमने का सपना देखते हुए बिताया था और यह सब हुआ। लेकिन, सच्चाई अलग होती है। थकावट और असुरक्षा की भावना और साथ ही आपके बारे में लोगों की राय से निपटना, यह सब आपको पहले सपने में भी नजर नहीं आता और बाद में हकीकत बन जाता है।”

उन्होंने कहा, “हम सच्चाई से दूर कल्पना में रहते हैं। और फिर, आपका सामना असली दुनिया से होता है। आप आखिरकार वहां पहुंच जाते हैं, लेकिन यह एक यात्रा ही है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493