पेरिस, 30 जुलाई (आईएएनएस)। एक तरफ जहां इंग्लैंड के फुटबाल एसोसिएशन ने फ्रांस के माइकल प्लातिनी के फीफा अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने के फैसले का स्वागत और समर्थन किया है वहीं जार्डन के प्रिंस अली बिन अल हुसैन ने इसकी आलोचना की है।
प्लातिनी ने बुधवार को फीफा अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने की पुष्टि की। यह चुनाव 26 फरवरी, 2016 को होना है।
यूईएफए के मौजूदा अध्यक्ष प्लातिनी ने फीफा को भ्रष्टाचार मुक्त करने के संकल्प के साथ चुनाव लड़ने का फैसला किया है लेकिन प्रिंस अली ने कहा है कि प्लातिनी फीफा के लिए शुभ नहीं होंगे।
बीबीसी ने प्रिंस के हवाले से लिखा है, “प्लातिनी फीफा के लिए शुभ नहीं हैं। फुटबाल प्रशंसक और खिलाड़ी बेहतर अध्यक्ष पा सकते हैं। फीफा को नया और पारदर्शी नेतृत्व चाहिए लेकिन प्लातिनी का रिकार्ड अच्छा नहीं है।”
प्लातिनी के अगला फीफा अध्यक्ष बनने के आसार बढ़ गए हैं। चार महाद्वीपीय परिसंघों ने उनका समर्थन किया है।
चुनावों के लिए नामांकन की तारीख 26 अक्टूबर तक है। फीफा के मौजूदा अध्यक्ष ब्लाटर ने भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया था लेकिन चुनाव होने तक वह इस पद पर बने रहेंगे।
ब्लाटर ने हालांकि खुद को निर्दोष बताया है। पांचवीं बार फीफा प्रमुख बनने के तुरंत बाद फीफा के कई शीर्ष अधिकारियों की गिरफ्तारी के बाद ब्लाटर को इस्तीफा देना पड़ा था। ब्लाटर 1998 से फीफा प्रमुख पद पर आसीन हैं।
dharmpath.com dharmpath