वाशिंगटन, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। दुनिया भर में चल रहे ‘मी टू’ अभियान (यौन उत्पीड़न के खिलाफ अभियान) की शुरुआत होने के बाद अब खेल जगत भी इसकी चपेट में आ गया है। अमेरिका की महिला जिमनास्टिक सिमोन बाइल्स ने अपने साथ हुए यौन उत्पीड़न की कहानी बयां की है।
चार बार की ओलम्पिक चैम्पियन बाइल्स ने कहा है कि वह भी जिमनास्टिक टीम के डॉक्टर लैरी नासर द्वारा यौन उत्पीड़न का शिकार हुई थी और अब इसके बारे में बात करने से उन्हें राहत और मजबूती मिलती है।
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, बाइल्स उन 160 महिलाओं में शामिल हैं जिनका कि नासर ने यौन उत्पीड़न किया था। नासर को इस वर्ष जनवरी में 175 साल तक की सजा हुई थी।
21 वर्षीय बाइल्स ने कहा, “यह बहुत मुश्किल था, लेकिन मुझे लगा कि अगर मैं अपनी कहानी बता सकती हूं तो इससे अन्य लोग भी अपनी-अपनी कहानी को बताने के लिए प्रोत्साहित होंगे।”
वर्ष 2016 में रियो ओलम्पिक में चार स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीत चुकीं बाइल्स ने कहा, “मैं उन कई पीड़ितों में से एक हूं जिनका नासर ने यौन शोषण किया। मैं हाल के दिनों में टूट-सी गई हूं। मैं जितना अपनी आवाज दबाने की कोशिश करती हूं उतना मेरा दिमाग चीखने को कहता है। मैं अब अपनी कहानी कहने से डरूंगी नहीं।”
dharmpath.com dharmpath