जिम्बाब्वे के राष्ट्रपति ने सेना के लोगों को कैबिनेट में जगह दी

हरारे, 1 दिसम्बर (आईएएनएस)। जिम्बाब्वे के नए राष्ट्रपति इमर्सन म्नांगाग्वा ने शुक्रवार को अपनी कैबिनेट का गठन किया और उच्च पदों पर तैनात वरिष्ठ सैन्य अफसरों को भी इसमें जगह दी।

बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, म्नांगाग्वा ने जनरल सिबुसिसो मोयो को नया विदेश मंत्री बनाया है। मोयो 14 नवंबर को सेना द्वारा सत्ता पर कब्जे के बाद सरकारी टीवी पर नजर आए थे।

जिम्बाब्वे वायु सेना के प्रमुख पेरेंस शिरि को कृषि व भूमि मंत्री बनाया गया है। शिरि 1980 के दशक में राबर्ट मुगाबे के विरोधियों के लिए चलाए गए सैन्य अभियान के लिए कुख्यात हैं। इस अभियान में बीस हजार लोग मारे गए थे।

म्नांगाग्वा ने बीते सप्ताह पूर्व राष्ट्रपति रॉबर्ट मुगाबे के इस्तीफे के बाद राष्ट्रपति पद की शपथ ली थी। रॉबर्ट मुगाबे ने 37 साल के शासन के बाद इस्तीफा दिया था।

नए राष्ट्रपति ने मुगाबे के पूर्व के बहुत से कैबिनेट मंत्रियों को कैबिनेट में बनाए रखने का फैसला लिया है। उन्होंने उन सैन्य नेताओं को पद दिए हैं, जो उनका समर्थन करते रहे हैं।

मोयो व शिरि के अलावा सेना के दखल के बाद मुगाबे को हटाने में मददगार शक्तिशाली पूर्व युद्ध सैनिकों की एसोसिएशन के नेताओं को भी कैबिनेट में जगह मिली है।

एसोसिएशन के प्रमुख क्रिस मुत्सवांग्वा को सूचना मंत्रालय का प्रभार दिया गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493