नई दिल्ली/मुंबई, 17 मई (आईएएनएस)। सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश के बाद, बंबई उच्च न्यायालय में अभिनेत्री जिया खान की मौत से जुड़े मामले की सुनवाई सात जून को होगी।
जिया खान की मां राबिया खान ने मंगलवार को कहा कि मुंबई की निचली अदालत में मामले की सुनवाई ठीक से नहीं चल रही है।
उन्होंने अपने वकील जयंत भूषण के माध्यम से सर्वोच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था।
राबिया ने आईएएनएस से कहा, “माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने इसे समझा और निर्देश दिया कि बंबई उच्च न्यायालय इस मामले की सुनवाई तेजी से करे। मैंने इस मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल हेतु भी अनुरोध किया है।”
उन्होंने शीर्ष अदालत को बताया कि कोई विशेष लोक अभियोजक नियुक्त किए बगैर इस मामले की सुनवाई चल रही है।
अमेरिकी नागरिक, जिया खान को तीन जून, 2013 को पश्चिम मुंबई के जुहू इलाके में स्थित उनके फ्लैट में फंदे से लटका पाया गया था। जिया की मौत के एक हफ्ते बाद 10 जून को जिया के पुरुष मित्र सूरज पंचोली को जिया को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
जिया खान ने बॉलीवुड में ‘निशब्द’, ‘हाउसफुल’ और ‘गजनी’ जैसी फिल्मों में अभिनय किया था।
dharmpath.com dharmpath