नई दिल्ली, 7 दिसंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय भारत परिवर्तन संस्थान (नीति) आयोग के उपाध्यक्ष अरविंद पनगढ़िया ने सोमवार को कहा कि उन्हें उम्मीद है कि वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) विधेयक संसद में पारित हो जाएगा। विधेयक पर इसी सप्ताह राज्यसभा में बहस होने वाली है।
पनगढ़िया ने लघु उद्यमों पर भारतीय उद्योग परिसंघ के एक सम्मेलन के इतर मौके पर संवाददाताओं से कहा, “हम जीएसटी पर सही दिशा में बढ़ रहे हैं। मुझे उम्मीद है कि हम सभी मुद्दे सुलझा लेंगे।”
उन्होंने कहा, “काफी बदलाव होने वाला है। जीएसटी लागू होने की उम्मीद है। नया बजट पेश होगा। वित्त मंत्रालय वित्तीय घाटा कम करने के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।”
संसदीय मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने सोमवार को बताया कि राज्यसभा की कार्य मंत्रणा समिति ने जीएसटी विधेयक पर बहस और इसे पारित करने के लिए चार घंटे आवंटित किए हैं।
विधेयक मई में लोकसभा में पारित हो चुका है, लेकिन राज्यसभा में लंबित है, जहां सरकार अल्पमत में है।
भारतीय उद्योग परिसंघ के वैश्विक एसएमई व्यापार सम्मेलन को संबोधित करते हुए पनगढ़िया ने उद्योग जगत को लाभ बढ़ाने के लिए कर छूट मांगने की बनिस्पत अपनी क्षमता बढ़ाने का सुझाव दिया।
उन्होंने कहा, “जब तक हम चीन की तरह बड़ा नहीं सोचेंगे, तब तक क्रांतिकारी बदलाव नहीं ला सकेंगे। कर नियमों में यहां-वहां बदलाव करने से काम नहीं चलेगा।”
dharmpath.com dharmpath