जीजेएम कार्यकर्ताओं ने तृणमूल नेता पर किया हमला

दार्जिलिंग, 30 जून (आईएएनएस)। गोरखा जनमुक्ति मोर्चा (जीजेएम) के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस के एक नेता के घर में पेट्रोल बम से हमला किया।

इस हमले में तृणमूल कांग्रेस नेता एम.के. जिम्बा घायल हो गए और उनके घर को भी नुकसान पहुंचा है।

उत्तरी बंगाल में गुरुवार रात से ही हिंसा की स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने कहा कि तृणमूल नेता और मिरिक नगर पालिका के उपाध्यक्ष जिम्बा को सिर पर चोटें आई हैं।

जीजेएम कार्यकर्ताओं ने इसके अलावा, गोरखालैंड प्रादेशिक प्रशासन (जीटीए) कार्यालय और मिरीक में एक कृषि विभाग के कार्यालय की इमारत में भी आग लगा दी।

इस घटना के बाद पुलिस दल तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुआ और स्थिति अब नियंत्रण में है।

जीजेएम कार्यकर्ताओं ने कुर्सियांग पुलिस थाने क्षेत्र के गैरीगांव में एक पंचायत कार्यालय को भी आग के हवाले कर दिया।

इस हिंसा की शुरुआत गुरुवार रात को हुई, जब जीजेएम के कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय पुलिस बल सीआरपीएफ के गश्ती दल पर हमला किया, जिसमें छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसके बाद उन्होंने एक पुलिस चौकी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

जीजेएम के समर्थकों ने पुलिस के दो वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया।

एक पृथक गोरखालैंड राज्य की मांग के लिए जीजेएम कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन शुक्रवार को 16 वें दिन भी जारी रहा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493